Tuesday, November 8, 2016

जिओ जिंदगी -


Image result for hello phone


हाईटेक होती जिंदगी ने  दिमाग की बत्तियां जैसे गुल कर दी हैं, अँधेरे में जलता एक दीपक रौशनी का प्रतिक है  आज हाथों में  जलते मोबाइल की रौशनी से दुनियां  रौशन है, दशहरा हो या दिवाली बाजार में उपलब्ध नए संशाधन व्यापार को नयी ऊंचाई  प्रदान कर रहें हैं. जिओ और जीने दो की तर्ज पर जीने के मायने बदल गएँ हैं. पहले दिवाली पर मिठाई  बाँटी जाती थी आज फ्री नेट पैक का  तोहफा पाकर लोग खुद को भाग्यवान समझते हैं, चोर तो आखिर चोर ही होता है, एक अँगुली पकड़कर पूरा हाथ कब काट देगा, यह हाथ कटने के बाद ही पता चलता है. अब हाथ कटे या जेब बात एक ही हैं. आज बदल दो जिंदगी ने जिंदगी को सच में ही बदल दिया है। 
       अर्थव्यवस्था औंधे मुँह गिरकर भी ढोल बताशे बाँट  रही है. ह्रदय में धधकती आग गप्पे बाजी से ही संतुष्ट है. लोगों को जीने का माध्यम मिल गया है, पहले गॉँव में चौपाल लगती थी आज फेसबुक, ट्विटर, ब्लॉग, हाइक , वाट्सअप की चौपाल लगती है. अलग बगल बैठे घर के दो लोग भी इस चौपाल का आनंद लेते है। बतकही आमने सामने कहीं कोसो दूर है.  पुराना नए रूप को धारण करके पुनर्जीवित हो गया है. महल हो या झोपडी थाली बिना मोबाइल -नेट के अधूरी है, आज भिखारी भी कहते है भैया कुछ न दो नेट पैक डलवा दो, जिंदगी तो जिओ के संग बन गयी। नया रंग अब जिओ के संग हाजिर है। 
सत्ता धारी  के मजबूत दाबे फुस्सी बम की तरह फट कर सत्ताहीन हो रहें हैं. इन्हें  किसी तिजोरी में ससम्मान बंद कर देना चाहिए।  आतंकवादी की जड़े मजबूत हो गयीं है , जैसे साक्षात् यमराज धरती पर उतर आएं हैं. देश में गाय -बैल की संख्या में वृद्धि हुई है, जहाँ बैल दिखा तो समझो  अपनी बारी आ गयी है, नगरनिगम पर केस दर्ज हैं  वह गाय बैलों की दादागिरी से परेशान होकर खुद ही दुबक कर बैठ गएँ है , आज सड़कों पर  गाय बैलों का राज्य फल फूल रहा है। गरीब चाय वाले को कुछ बोनस दे देते तो भला हो जाता।
        आतंकी रावणों ने इंसानों को उड़ाकर त्यौहार मनाना अपना धर्म समझ लिया है, जैसे सबकी साँठगाँठ हो गयी है, अस्पताल, पब्लिक, सरगना, अर्थव्यवस्था, सत्ता, सत्ताधारी कोई भी इससे अछूता नहीं रहा है. मँहगाई का बैल निरंतर अपनी सफलता की कहानी दर्ज कर रहा है. बादाम औंधे मुंह गिर गया है आलू ने सेंसेक्स की तरह अपनी ऊंचाई दर्ज की है, दिवाली में बम पटाखें की गूँज कैसी होगी ईश्वर जाने या सत्ता धारी जाने, अहंकार  के  रावण का कद बढ़ता जा रहा है , विनम्रता के राम को आज चिराग लेकर ढूँढना होगा।                
             हे राम का नया स्वरुप हाय राम हो गया है।  जिओ वाले बाबू अब सारे मंत्र सीखा देंगे।  हम तो दिवाली  पूजन की रस्म निभाकर  लक्ष्मी को खुश करने का प्रयास करेंगे, लक्ष्मी जी  के संग जिओ वाले बाबू की  किरपा बनी रहे।अब दिल मांगे मोर की तर्ज पर दिल कहता है जिओ वाले बाबू जरा गाना बजा दो, जिओ वाले बाबू जरा जीना सीखा दो। ...... हर दिन जिओ शुभकामनाएँ।    
शशि पुरवार 


     

Saturday, October 1, 2016

चोर की दाढ़ी में तिनका

Image result for smiley

 चोर की दाढ़ी में तिनका

मुस्कुराईये कि आप फेसबुक पर हैं। गुनगुनाईये कि आप फेसबुक पर हैं। कुछ हसीन लम्हे कुछ चंचल शोखियाँ। कहीं नखरा। कहीं गुमानियाँ। एक सपना जो जीवन को हसीन बना रहा है। कहीं ख्वाब जगा रहा हैं। कहीं दिल सुलगता है. कहीं आग जलती है तो रोटियां भी सिकती हैं। जिंदगी तेरे बिना कुछ भी नहीं .... दुनियाँ इतनी हसीन होगी कभी सोचा न था। एक नशा जो नशा बनकर होश उडाता है तो कहीं होश जगाता है। देखा जाये तो यह चोर है दिल का चोर। जो आपका चैन लूटकर खुद चैन की साँस ले रहा है। एक ऐसा चोर जिसकी दाढ़ी में तिनका भी है। कहीं चोर की दाढ़ी में कहीं तिनका तो नहीं !

आज शर्मा जी आज सुबह से छत को नापने में लगे हुए थे। कदमों की मार से छत बेहाल थी। शर्मा जी के हाल - बेहाल होने के कारन का यों तो यो पता नहीं था। किन्तु शर्मा जी की पत्नी की जासूसी निगाहें कुछ ज्यादा की गोल घूम रही थी। दिमाग ताड़ गया था दिल में कहीं आग सुलग रही है। कहीं कुछ खिचड़ी पकी है। नहीं तो पूरी दाल ही काली है। आग में घी तो डाला तो स्वयं के हाथ जलने का भय था। किन्तु पत्नी जी ने शर्मा जी के पेट की आग बुझाकर उसे रबड़ी बनाने का मन जरूर बना लिया था। नहीं तो यह आग उन्हें भी झुलझा सकती थी। रसोई से भजिये तलने की खुशबु बड़ी बड़ी उड़ाने भर रही थी। पड़ोस के वर्मा जी की नाक कुत्ते की तरह उस खुशबु के पीछे लग गयी। आज सुबह से छत नापने की आवाज से सारे कमरों में जैसे तबले की थाप सरगम बजा रही थी। तिस पर रसोई से शर्मा जी की पत्नी की गुनगुनाहट अपना हाल खुशबु के संग भेजकर जैसे सीने पर नश्तर चला रही हो !
पड़ोस के वर्मा जी से रहा नहीं गया तो पूछ बैठे - क्या हुआ शर्मा जी। क्यों बेचारी छत पर मूंग दल रहे हो। भाभी जी कुछ खास तैयारी कर रही हैं। जाओ भाई , मजे करो। हो सके तो एक प्लेट हमें भी धीरे से सरका देना। ससुरी जबान से रहा नहीं जा रहा है।
शर्मा जी -- क्यों मन में कोई लड्डू फूट रहा है। लड्डू न हुआ जैसे कोई बम हुआ। यह आग तुम्हारी ही लगायी हुई थी। तुम्हारी लार टपक रही है। अरे भागवान की नज़रे किसी पुलिस वाले की दी हुई जागीर है। झट रपट लेने लगेगीं। 
वर्मा – काहे का हुआ? काहे लाल पीले हो रहे हो. आज किसी से बात नहीं हुई का? जाओ तनिक एक दो लाइन छाप दो. सब्र मूड अच्छा हो जायेगा। हमरा साथी फेसबुक है ना!

शर्मा जी --- बस करो नामाकुल! काहे इस बुढापे में तारे दिखा रहे हो। अरे तुमने भरी जवानी का फोटो लगाकर हमें अपने दिन याद दिला दिए। तो हमने भी दिल को जवान कर लिया।

वर्मा जी – तो क्या हुआ। जिंदगी अंतिम साँस तक जिओ। दिल जवान तो हम जवान।
शर्मा – अरे साँस वांस छोडो। हमारी तो साँस निकलना बाकी है। सुनने में है कि फेसबुक की सारी चाट और मसाला ओपन हो जायेगा। वैसे भी राज कब था? मसाले का आनंद लेने हेतु कई सिपाई मिसाइल के साथ तैयार है। कई कारावास में जाने के भय में गुम है। चोर की दाढ़ी में तिनका। अब क्या होगा कालिया। सबको चाट की प्लेट हाथ में थमा दी जाएगी तब खूब खाना। ससुरी चटोरी जबान।
वर्मा – हमें कालिया बोला भक .....हुन्न्न ! ऐसा क्या किया जो दुम दबाकर भाग रहे हो। जरुर कुछ घोटाला किया होगा। तुम्हरे साथ हमरी की नाक ख़राब हो जाएगी। किसने कहा था इधर उधर मुँह मारो। जीभ लपलपाओ !

शर्मा – बस भी करो। जाओ जाओ ........ बड़े आये ब्रेड पर मख्खन लगाकर खाने ! ऐसा कुछ नहीं कहा। दो शब्द प्रेम की जलेबी खा ली तो जुर्म हो गया।

वर्मा – तनिक उम्र का तो ख्याल रखा होता। दुनिया गोल है। अब भजिये खा लो। अच्छे से तल गए होंगे।

शर्मा जी -- जैसे ठन्डे पानी से नहाकर बाहर आयें हो। का करें पत्नी शेरनी की तरह खूंखार दहाड़ मारती है। दूर से बैठकर जलेबी खा ली, तो शुगर की बीमारी भी इस फेसबुकियो को लग गयी है।

किन्तु हम का करे फेसबुक ही तो कहत रहा – कि अँखियों से गोली मारो। जब भी खोलो ससुरा भक से कहता था –
अपने मन की कुछ बात लिखो। आपकी यादेँ है। कुछ कहो सो हमने कह दिया।
हमरे देश में यही होता है। कोई बार बार कहे कुछ लिखो। कुछ कहो। तो मान रखना पड़ता है. हमने भी उसका मान रखा। इसमें हमरी का गलती है। हमें बचपन से यही सिखाया गया है सबका मान करो। सो हमने कर दिया। अब दिल उमंगों से भर गया तो हम झूठ थोड़े ही बोलेंगे। झूठ बोलना पाप होता है। हमने पाप थोड़े ही किया है। मासूम से बच्चे का दिल है। अब चोर सिपाही का खेल खेलने लगा है। तौबा है जो आगे से जो इसके साथ पान खाया। फिलहाल चलो, अब भजिये खा ही लेते हैं।
देखे अब फेसबुक क्या नए गुल खिलाता है। हमने भी सोच लिया जो होगा सो होगा। जब कहेगा कुछ लिखो तो लिख देंगे – चोर की दाढ़ी में तिनका।
                  - शशि पुरवार 

Monday, September 5, 2016

क्रोध बनाम सौंदर्य -

 Image result for क्रोध

आज सरकारी आवास पर बड़े साहब रंग जमाए बैठे थे. वैसे तो साहब दिल के बड़े गरम मिजाज है, लेकिन आज बर्फ़ीला पानी पीकर, सर को ठंडा करने में लगे हुए है।  सौंदर्य बनाम क्रोध की जंग छिड़ी हुई है। आज महिला और पुरुष समान रूप से जागरूक है. यही एक बात है जिसपर मतभेद नहीं होते है।  कोई आरक्षण नहीं है ? कोई द्वन्द नहीं है, हर कोई  अपनी काया को सोने का पानी चढाने में लगा हुआ है। ऐसे में साहब कैसे पीछे रह सकते हैं.  हर कोई सपने में खुद को  ऐश्वर्या राय और अमिताभ बच्चन के रूप में देखता है।   साहब इस दौड़ में प्रथम आने के लिए बेक़रार है। बालों  में  बनावटी यौवन टपक रहा हैं,
किन्तु बेचारे पेट का क्या करे ? ऐसा लगता है जैसे शर्ट फाड़कर बाहर निकलने को तैयार बैठा हो. कुश्ती जोरदार है। चेहरेकी लकीरें घिस घिस कर चमकाने के प्रयास में चमड़ी दर्द से तिलमिला कर अपने रंग दिखा गयी है।
भाई इस उम्र में अगर अक्ल न झलके तो क्या करे।  अक्ल ने भी भेदभाव समाप्त करके घुटने में अपना साम्राज्य स्थापित करना प्रारम्भ कर दिया है। बेचारा घुटना दर्द की अपनी दास्तां का राग गाता रहता है।
         अब क्या करे  साहब का गुस्सा तो बस बिन बुलाया मेहमान है, जब मर्जी नाक से उड़ कर मधुमक्खी की तरह अपना डंक मारकर  लहूलुहान करता है। शब्द भी इस डंक की भाँति अंत तक टीसते रहते है।  वैसे गुस्से में शब्द  कौन से कहाँ गिरे, ज्ञात ही नहीं होता है, बेचारे शब्दों को, बाद में दिमाग की बत्ती जलाकर ढूँढ़ना पड़ता है। अब शब्दों की जाँच नहीं हो सकती कि ज्ञात हो कौन से पितृ शब्द से जन्मा है।  भाषा क्रोध में अपना रंग रूप बदल लेती है।  क्रोध में कौन सा शब्द तीर निकलेगा,  योद्धा को भी पता नहीं होता।  आज के अखबार में सौंदर्य और क्रोध के तालमेल के बारे में सुन्दर लेख उपाय के संग दुखी हारी लोगों की प्रेरणा बना हुआ था।  ख़बरें पढ़ते पढ़ते शर्मा जी ने साहब को सारे टिप्स  चाशनी में लपेटकर सुना दिए.

 साहब -- जवां रहने का असली राज है गुस्से को वनवास भेजना, गुस्सा आदमी को खूँखार बना देता है। आदमी को ज्ञात नहीं होता वह वह कब पशु बन गया है।
 गुस्से में  उभरी हुई आकृति को यदि  बेचारा  खुद आईने में देख ले, तो डर जाये।  टेढ़ी भौहें, अग्नि उगलती से आँखे, शरीर का कम्पन के साथ  तांडव  नृत्य, ऐसी  भावभंगिमा कि जैसे ४२० का करंट पूरे शरीर में फैला देती हैं. सौम्य मधुरता मुखमण्डल को पहचानने से भी इंकार  कर देती है।

      क्रोध के  कम्पन से एक बात समझ आ गयी कोई दूसरा क्रोध करे या न करें हम उसके तेवर में आने से पहले ही काँपने लगते है।  अगले को काहे मौका दें कि वह हम पर अपना कोई तीर छोड़े।
           क्रोध की महिमा जानकार साहब  क्रोध को ऐसे गायब करने का प्रयास कर रहे हैं जैसे गधे से सिर से सींग. सारे सहकर्मी  पूरे शबाब पर थे।  एक दो पिछलग्गू भी लगा लिए और साहब की चम्पी कर डाली।भगवान् जाने  ऐसा मौका मिले न मिले।  अन्य  सहकर्मी -- साहब योग करो, . व्यायाम करो.........

साहब ने बीच में ही कैंची चला दी और थोड़ा शब्दों को गम्भीरता से  चबाते हुए बोले -- क्या व्यायाम करें।बस आड़े टेढ़े मुँह बनाओ, शरीर को रबर की तरह जैसा चाहो वैसा घुमा कर आकार बनो लो।  लो भाई क्या उससे हरियाली आ जाएगी।

          फिर  खिसियाते हुए जबरन हे हे हे करने लगे, अब क्रोध तो नहीं कर सकते तो उसे दबाने के लिए शब्दों को चबा लिया, जबरजस्ती होठों - गालो को तकलीफ देकर हास्य  मुद्रा बनाने का असफल प्रयास किया। बहते पानी को कब  तक बाँधा जा सकता है ऐसा ही कुछ साहब के साथ हो रहा था।  आँखों  में  बिजली ऐसी कड़की कि आसपास का वातावरण और पत्ते पल में साफ़ हो गए।

       क्रोध के  अलग अलग अंदाज  होते है , मौन धर्मी क्रोध जिसमे मुँह कुप्पे की फूला रहता है।  कभी आँखे अपनी कारगुजारी दिखाने हेतु तैयार रहती है , कभी कभी मुँह फूलने की जगह पिचक जाता है तो आँखों से दरिया अपने आप बहने लगता है.  कभी कभी क्रोध की आंधी ह्रदय की सुख धरनी को दुःख  धरनी बना देती है।  चहलकदमी की सम्भावनाएं बढ़ जाती है, सुख चैन लूटकर  पाँव गतिशील हो जाते हैं व कमरे या सड़क  की लम्बाई ऐसे नापते है कि मीटर भी क्या नापेगा। शरीर की चर्बी अपने आप गलनशील हो जाती है ,  तो क्रोध एक  रामवाण इलाज है, मोटापे को दूर करने का?  यह भी किसी योग से कम नहीं है । 
  एक ऐसी दवा जो बहुत असरकारक होती है , मितभाषी खूब बोलने लगते है और  अतिभशी मौन हो जाते है या अति विध्वंशकारी हो जाते है। कोई गला फाड़कर चिल्लाता है तो कोई चिल्लाते हुए गंगा जमुना बनाता है।  कोई शब्दों को पीता है तो उसे चबाकर नयी भाषा का जन्म देता है।

 आज साहब को क्रोध का महत्व समझ आया, सोचने लगे ---   वैसे गुस्से से बड़ा  कोई बम नहीं है। गुस्सा करके हम तर्कों से बच सकते है. विचारों को नजर  अंदाज कर सकते है। कुछ न आये तो क्रोध  की आंधी सारे अंग को हिलाकर गतिशील बना देती है।  सौंदर्य योग हेतु यह योग कोई बुरा नहीं है अभी इसका महत्व लोगों को समझ नहीं आया जल्दी शोध होने और नया क्रोध पत्र बनेगा।
सोच रहा हूँ मैं भी क्रोध बाबा के नाम से अपना पंडाल शुरू कर देता हूँ।  तब अपने दिन भी चल निकालेंगे, फिलहाल १०० करोड़ की माया को माटी में मिलने से बचाने के लिए संजीवनी ढूंढनी होगी , हास्य संजीवनी।  अब क्रोध का बखान आधा ही हुआ है  कहीं आपको तो गुस्सा नहीं आ रहा है ?
-- शशि पुरवार

Monday, August 22, 2016

सुख की मंगल कामना








बाबुल के अँगना खिला, भ्रात बहन का प्यार 
भैया तुमसे भी जुड़ा, है मेरा संसार। 

माँ आँगन की धूप है, पिता नेह की छाँव 
भैया बरगद से बने , यही प्रेम का गॉँव 

सुख की मंगलकामना, बहन करें हर बार 
पाक दिलों को जोड़ता, इक रेशम का तार 

चाहे कितने दूर हो, फिर भी दिल से पास 
राखी पर रहती सदा, भ्रात मिलन की आस 

प्रेम डोर अनमोल ये, जलें ख़ुशी के दीप 
माता के आँचल पली, बेटी बनकर सीप 
-- शशि पुरवार 


Monday, August 15, 2016

भारत माता की जय





गाँव के नवोदित नेता ललिया प्रसाद अपनी जीत के जश्न में सराबोर कुर्सी का  बहुत ही आनंद ले रहे थे। कभी सोचा न था सरकारी कुर्सी पर ऐसे बैठेंगे। पाँव पर पाँव धरे पचपन इंच सीना चौड़ा करके (छप्पन इंच कहने की हिम्मत कहाँ?), मुख पर ३२ इंच की जोशीली मुस्कान के साथ नेता जी कुर्सी में ऐसे धँसे हुए बैठे थे मानो उससे चिपक ही गए हों। साम दाम दंड भेद की नीति से कुर्सी मिल ही गयी, भगवान् जाने फिर यह मौका मिले या न मिले, पूरा आनंद ले लो। कुर्सी मिलते ही चमचे बरसाती पानी जैसे जमा होने लगे। जैसे गुड़ पर मक्खी भिनभिनाती है वैसे ही हमारे नेताजी के चमचे जमा होकर भन भन कर रहे थे।

तभी नेताजी का खास चमचा रामखेलावन खबर लेकर आया कि १५ अगस्त पर उन्हें तहसील के प्रांगण में झंडा वंदन करना है। अब तो जोश जैसे और दुगना हो गया, नेता जी दिन में जागते हुए स्वप्न देखने लगे। लोगों के हुजूम, तालियों की गडगडाहट के बीच बड़े स्वाभिमान से झंडे की डोरी खींचकर झटपट झंडा लहरा दिया। तभी धडाम की आवाज के साथ नेता जी उछलकर कुर्सी से गिर पड़े। दिवास्वप्न टूट गया, देखा तो दरवाजे का पर्दा उनके ऊपर पड़ा था और वे जमीन की धूल चाट रहे थे। यह देख रामखेलावन समेत सारे चमचे जोर जोर से बत्तीसी दिखाने लगे। नेताजी खिसियानी बिल्ली की तरह बरामदे का खम्भा नोचने लगे और उनकी खतरनाक मुख मुद्रा देखकर सारे चमचे ऐसे गायब हुए जैसे गधे के सिर से सींग।
नेता जी बड़बड़ाने लगे- हम पर हँसते हो, कभी खुद ई सब किये होते तो पता चलता रस्सी खेंचना का होवत है। भक भक... अब तुम काहे दाँत दिखा रहे हो? कछु काम के न काज के, चले आये परेशान करने... अब झंडावंदन करे का है तो सफ़ेद झक्क कुरता पायजामा और टोपी ख़रीदे की है, का है कि अब फोटो सोटो भी लिया जायेगा।

रामखेलावन-वह तो ठीक है प्रभु, स्टैज पर कछु बोलना पड़ेगा। अब भाषन का देना है। वह भी तो सोचिये...
नेताजी- अर्ररर... जे हम तो भूल ही गए। सारी ख़ुशी ऐसी हवा हुई कि नेताजी का मुँह एकदम पिचके हुए आम की तरह पोपला हो गया। चौड़ा सीना ऐसे पिचका जैसे गुब्बारे में छेद हो गया। पेशानी पर गुजली मुजली सलवटें ऐसे आयीं कि चिंता के मारे खुद के बाल ही नोचने लगे।

यह सब देख चमचा भी उसी रंग में रँगने लगा। इधर नेताजी की चहल कदमी बढती जा रही थी । उधर राम खेलावन पीछे पीछे टहलता हुआ अपनी वफ़ादारी दिखा रहा था।


नेताजी - अब का होगा! हमरी इज्जत का मलीदा बन जायेगा, अब का भाषण देंगे, कभी सुने ही नहीं। सकूल में भी सिर्फ लड्डू खाने जाते थे, तीसरी कक्षा के बाद पढ़ने गए ही नहीं। दिन रात गैया को चारा खिलाते रहे, गौ माता की किरपा से नेता बन गए। हे ससुरे भाषण वाशन काहे रखत हैं। २ चार लड्डू देई दो खाना खिलवइ दो... हो गया झण्डावंदन... आगे के शब्द खुद ही चबा कर नेताजी खा गए।


यह सब देखकर रामखिलावन समझ गया कि नेताजी की हालत पतली हो रही है, वह हिम्मत बढ़ाते हुए बोला -इसमें चिंता की कोनो बात नहीं है भाषण देखकर पढ़ लियो। अभी समय है थोडा प्रक्टिस कर लो। हमें गाना भी आवत है अभी परोग्राम को समय है, हम सिखा देंगे।

नेता जी-हाँ वही वही परोग्राम। तुम कौन से काले कोट वाले हो, जो हमरे खातिर भासन लिखोगे, जे सब पढ़े लिखे का काम होवत है, वैसे जे बताओ इसे और का कहत हैं। स्वतंत्र दिवस या गणतंत्र दिवस या इन दपेंदंस डे... कहते हुए बाल खुजलाने लगे। गाना वाना तो हमसे होगा नहीं, टीवी पर देखत रहे, सबरे धुरंदर सलूट मार के खड़े रहत हैं, कोई गाना वाना नहीं गावत है, जे काम तो सकूली बच्च्वन का है।
चमचा- हाँ फिर कहे चिंता करत हो, बस भाषण याद कर लो, तैयार हो जावेगा। हम सिखा देंगे। एक एक गिलास गरम दूध पियो, हलक में गरमागरम उतरेगी तो ससुरी जबान खुल जावेगी।

नेता जी- पर हमरी तो हालत ख़राब है। इतने लोगन के सामने भासन... भासन कइसन कहें, पर बोलना तो पड़ेगा ही... नहीं हम अपना दिमाग लगाते हैं... अब हम याद कर लेंगे... "नमस्कार गाँव वालों..."


रामखिलावन- हे महाराज ऐसे शोले की तरह नहीं कहते। कहिये मेरे प्रिय भाइयों और बहनों...


नेताजी -चल बे, वह सबरी तुमरी बहन होगी... आजकल वक्त बदल गयो है।


रामखेलावन- ओ महाराज भाई बहनों को प्रणाम, नहीं कहे का है, तो बोलो भाई बंधू...
इधर चमचा कागज कलम के साथ टुन्न हो गया, उधर नेताजी को भी दूध जलेबी चढ़ गयी। दिन में सितारे नजर आने लगे। जोश में होश खो बैठे। स्वप्न में खुद को मंच पर खड़ा हुआ पाया। अपार जन समूह देखकर मुस्कुराने लगे और जैसे ही लोगों के हुजूम ने जयजयकार की, तो हाथ हिलाते हुए माइक तक आ गए। मेज को मंच समझ कर जोश के साथ ऊपर चढ़कर खूब दिमाग लगाया और भाषण शुरू किया --

भाइयों... भाइयों... और सबकी लुगइयों... आज हमरा बहुत बड़ा दिन है, हमरा सपना सच हो गयो है। कबहूँ सोचे न थे नेता बन सकत हैं। हे गाँधी जी कृपा रही, पहले लोग देश की खातिर जान दिए रहे, देश को गुलामी से बचाये रहे। गाँधी जी के वचनों पर चले... बुरा मत देखो, बुरा मत कहो, बुरा मत सुनो। आज स्थिति बदल गयी है, लोग बुरा ही देखत हैं, बुरा ही करत हैं और बुरा ही सोचते हैं। पहले हाथ जोड़कर सबके आगे खड़े रहत थे। बात बात पर लात घूँसे मिलत रहे, पर अब समय बदल गयो है, दो चार लात घूँसे मारो, थोड़ा गोटी इधर का उधर करो, थोड़ा डराओ धमकाओ, पैसे खिलाओ तो चुनाव का टिकिट भी मिल जावत है। पहले पढ़े लिखे लोग नेता बनत रहे, तब भी देश बँटता था, आज कम पढ़े लिखे लोग नेता बने हैं, तब भी देश छोटे छोटे राज्यों में बँट गवा है। सबरी पार्टी अपनी सत्ता चाहत है। शांति के सन्देश पहले से देत रहे सो आज भी देत हैं।

आज हर किसी को नेता बने का है, कुर्सी है तो सब कुछ है, आज हर कोई कुर्सी चाहत है। सबहुँ मिलकर घोटाले करो, जितने भी पैसा आवत है उसे आपस में मिल बाँट कर खाई लो, देश की जनता बड़ी भोली है। ईमानदार टैक्स देता रहे, किसान मरता रहे। आज जेहि स्थिति बनी हुई है। एक बार कुर्सी मिल गयी फिर सब अपनी जेब में रहत हैं। काहे के संत्री - मंत्री, देश को पहले अंगरेज लूटट रहे, अब देश के लोग ही लूटन मा लगे हैं। हर तरफ भ्रष्टाचार फैला हुआ है। कुछ भी हो जाये कुर्सी नहीं छोड़ेंगे, घोटाले करके जेल गए तो पत्नी या बच्चों को कुर्सी दिलवा देंगे। जे बच्चे वा खातिर ही पैदा किये हैं। कब काम आवेंगे। प्राण जाए पर कुर्सी ना जाए, पहले देश को गुलामी से बचाया, अब खुदही देश के तोड़न में लगे हैं। हर किसी की अपनी पार्टी है, सत्ता के खातिर हर कोई अपनी चाल चल रिया है, इसको मारो, उसको पीटो, दो चार लात घूसे चलाने वाले पहलवान साथ में राख लियो, मजाल कोई कुछ करे। सारे साम दाम दंड भेद अपनाई लो पर अपनी जय जयकार कमतर नहीं होनी चाहिए।

अब नेता बन गए तो देश विदेश घूम लो, ऐसन मौका कबहू न मिले। हम भी अब वही करहियें। अभी बहुत कुछ करे का है। बस फंड चाहिए, जो काम करे का है सब काम के लिए फंड, फंड में खूब पैसा मिलत है, थोडा बहुत काम करत है बाकी मिल बाँट कर खाई लेंगे। आखिर चोर चोर मौसेरे भाई भाई जो हैं ।
तुम सबरे गॉंव के लोगन ने हमें नेता चुना और हमेशा अइसन ही प्रेम बनाये रखना। आगे भी ऐसे ही हमें वोट डालना। तुम सब यहाँ आये हो हमें बहुत अच्छा लगा, लो झंडा वंदन कर दिए हैं । बच्चों ने गाना भी गा दिया। आज हम लाडू बहुत बनवाएं है, खूब जी भर के खाओ। हमें याद रखना। हर बार वोट देना फिर ऐसे ही गाड़ियों में भर के शहर घुमाने ले जायेंगे और खाना पैसा भी दिहें...
 अभी जोर से बोलो जय भारत मैया की 

 शशि पुरवार 

Sunday, July 24, 2016

अाँख जो बूढ़ी रोई





खोई खोई चांदनी, खुशियाँ भी है दंग

सुख दुख के सागर यहाँ, कुदरत के हैं रंग
कुदरत के हैं रंग, न जाने दीपक बाती
पल मे छूटे संग, समय ने लिख दी पाती
शशि  कहती  यह सत्य, अाँख जो बूढ़ी रोई
ममता चकनाचूर, छाँव भी खोई खोई।  
      

जाने कैसा हो गया, जीवन का संगीत

साँसे बूढ़ी लिख रही, सूनेपन का गीत
सूनेपन का गीत, विवेक तृष्णा से हारा
एकल हो परिवार, यही है जग का नारा
शशि कहती यह  सत्य,  प्रीत से बढ़कर पैसा
नही त्याग का मोल, हुअा वक़्त न जाने कैसा।
शशि पुरवार 

Friday, July 15, 2016

सुधि गलियाँ





 स्वप्न साकार
मुस्कुराती है राहें 
दरिया पार। 
२ 
धूप सुहानी 
दबे पॉँव लिखती 
छन्द रूमानी। 
३ 
लाडो सयानी 
जोबन दहलीज 
कच्चा है पानी।  
धूप बातूनी 
पोर पोर उन्माद 
आँखें क्यूँ सूनी ?
५ 
माँ की चिंता 
लाडो है परदेश 
पाती, ममता। 
६ 
दुःखो को भूले 
आशा का मधुबन 
उमंगे झूले। 
७ 
प्रीत पुरानी 
सूखे गुलाब बाँचे 
प्रेम कहानी। 
८ 
छेड़ो न तार 
रचती सरगम 
 हिय झंकार। 
९ 
प्रेम कलियाँ 
बारिश में भीगी है 
सुधि गलियाँ। 
१० 
 आई जबानी  
छूटा है बचपन 
बद गुमानी। 
 -- शशि पुरवार 



Monday, July 11, 2016

मौसम से अनुबंध


Image result for shirish plant
१ 
लहक उठी है जेठ की,  नभ में उड़ती धूल
कालजयी अवधूत बन, खिलते शिरीष फूल।
 २
चाहे जलती धूप हो, या मौसम की मार
हँस हँस कर कहते सिरस, हिम्मत कभी न हार.

लकदक फूलों से सजा, सिरसा छायादार
मस्त रहे आठों पहर, रसवंती संसार।

हरी भरी छतरी सजा, कोमल पुष्पित जाल    
तपकर खिलता धूप में, करता सिरस कमाल।

फल वृक्षों के कर रहे, मौसम से अनुबंध
खड़खड़ करती बालियाँ, लिखें मधुरतम छन्द।
 --  शशि  पुरवार

Thursday, July 7, 2016

क्यों न बहाएं उलटी गंगा....







क्यों न बहाएं उलटी गंगा

                भाई  कलयुग है। सीधा चलता हुआ मानव हवा में उड़ने लगा है।  टेढ़े मेढ़े रस्ते सीधे लगने लगे है। पहले घी निकालने के लिए अँगुली  टेढ़ी  की जाती थी।  आज ऊँगली सीधी नहीं होती है।  सरलता के सभी उपाय असफल  हो गएँ  है।  जूता सर पर चढ़कर राज करता है। टोपी हाथ में बैठी मक्खी को मारने और हवा  करने के  काम आती है।  जब दुनिया उलटी पुल्टी हो रही है तो भाई क्यों न हम उलटी  गंगा बहाए।

      आज कल देश में आरक्षण की गोली बहुत प्रसिद्द है। अंग्रेजी दवाईओं की इस देशी दवा के सामने क्या मजाल है, जो सर उठा सके। उच्च दर्जे की दवा भी चुल्लू भर पानी माँग रही है। देशी दवा आरक्षण ने जैसे सभी के  पाप गंगा बनकर धो डाले हों।  हमारे कर्णधार इस गोली का सदुपयोग करते रहतें हैं।  भाई प्राण जाये पर कुर्सी न जाए,  की तर्ज पर ढोल नगाड़े बज रहे हैं।
गोली खुले हाथों से बाँटी जा रही है। आरक्षण का आनंद  जहाँ देने वालों को उत्साहित कर रहा है वहीँ  इसे  खाने वाला  खाकर टुन्न  है।  आनंद की पराकाष्ठा कण कण में अपना प्रभाव दिखा रही है।  आरक्षण कोटा आज हिमालय के
शीर्ष पर विद्यमान है और कोटे के खिलाडी उस चोटी का पूर्ण आनंद ले रहे हैं। हिमालय में  गंगोत्री हमेशा शीर्ष से बहकर नीचे आती  हैं। भ्रष्टाचार की गंगोत्री भी शीर्ष से बहती है। तो आरक्षण की गंगोत्री नीचे से ऊपर  क्यों बहती है ?  आरक्षण सिर्फ निचली सतह से ऊपर  की सतह तक पहुँचाने  का प्रयास क्यों है ?
       गंगोत्री की धारा चोटी से नीचे तक आकर सबकी प्यास बुझाती है। लेकिन हमारे यहाँ आरक्षण  की गंगा उलटी  बह रही है ? आरक्षण का पानी नीचे से ऊपर कैसे सफलतापूर्वक चढ़ सकता है ? न्यूटन का सिद्धांत यहाँ कार्य नहीं कर रहा है।  यह नया सिद्धांत शायद कलयुगी न्यूटन ने ईजाद किया होगा ?

 आरक्षण का उल्टा रास्ता सफल कैसे  होगा ? यह शोध का विषय बन सकता है। आरक्षण की धारा जब लागू की जा रही है तो वह समान रूप से वितरित क्यों नहीं है ! आरक्षण करना ही है तो समान रूप से  उसे नियम कायदे में बाँध
दीजिये। कोटे के मरीज का इलाज कोटे के डाक्टर से करवाएं।  धान्य- सब्जी मंडी, बिजली -पानी,  नौकरी -शादी, अस्पताल,  रोजमर्रा की वस्तुओं के साथ -साथ हवा को भी आरक्षित करें। कायदा तो यही कहता है आरक्षित लोग, आरक्षित जगह से राशन पानी लें।  अनारक्षित अपनी सेवा टहल अनारक्षित जगह से कर लें। वह दिन दूर नहीं है जब ताज़ी सब्जी  आरक्षित कोटे के लिए व बासी सब्जी अनारक्षित के  लिए सुरक्षित होगी। सेकंड हैंड सीट और  पुराना ग्रेड का माल अनारक्षित के लिए उपलब्ध होगा।  आरक्षित चमचमाती रौशनी से नहाएंगे व अनारक्षित  का भविष्य जनरल डिब्बे में खुद को तलाश कर रहा होगा। बीमारी भी आरक्षित होनी चाहिए उसे भी  अपना कोटा देखकर मानव  का चुनाव करना होगा। जैसे शक्कर, ह्रदयघात जैसी बीमारी का पेटेंट बनाकर उसे कोटे में फिक्स करें।  शिक्षा में, सेवा में, अभियंत्रण में, सेतु निर्माण तक में आरक्षण है  तो  लोकसभा अध्यक्ष, राष्ट्रपति, पीएम, सी एम् की कुर्सी पर भी
आरक्षण क्यो नही है  ?  क्या वह किसी और दुनिया सम्बन्ध रखते हैं ? मंत्री, लोकसभा, प्रधानमन्त्री , राष्ट्रपति, सांसद, कानून आदि भी आरक्षण के  घेरे में आने चाहिए। आरक्षण तब ही सफल होगा एवं  गठबंधन मजबूत।

        हाल ही में शिक्षा के लिए बच्चे का दाखिला करवाना था तो  ज्ञात हुआ आरक्षित कोटा भरने के बाद ही आपकी सुनवाई होगी। हम नियम कायदे से बँधे हुए है। आपका बच्चा भले ही उच्च अंको से पास हुआ है किन्तु हमें तो
आरक्षित सीट ही भरनी है।  भले ही अंक न्यूनतम क्यों न हों। बात यहाँ सिर्फ आरक्षण की है लेकिन उसमे भी एक कोटा आधी आबादी के लिए रखा गया है। जहाँ आधी आबादी तो गायब ही है।  क्यूंकि कली को फूल बनने से पहले तोड़ने का रिवाज आदिकाल से बदस्तूर चला आ रहा है। कलयुग में रावण की संख्या भी असीमित होकर सीता हरण के लिए कदम  कदम पर अपना जाल बिछा रही है। हमें ऐसा प्रतीत  हुआ जैसे हम सजा याफ्ता मुजरिम हैं।  कोर्ट में पेशी के बाद ही  फैसला होगा।  कोटे  को कोटा कहना भी गुनाह माना जाने लगा है।  कब धारा ४२० लग जाए  और हम सरकारी मेहमान बने।
          भारत में कोटे की ऐसी मिसाइल तैयार होंगी जो भविष्य का  तख्त  पलटने और  चाँद को जमीं पर लाने की कुबायत  कर सकती हैं।  हवा भी इजाजत लेकर कहेगी कोटा  देखकर  साँस लो।  और जाति देखकर श्वास -उच्छ्वास करो।
आरक्षण कोटे को आरक्षण ने अली बाबा का चिराग दे दिया है जिसे रगड़ रगड़ पर हर ख्वाहिश मिनटों में पूरी हो जाती है। तभी तो देश  में उलटी गंगा बहेगी। गंगा  में उठने वाला तूफ़ान हिमालय  की चोटी पर जाकर कौन सा चित्र बनाएगा
?
                    वैसे पूरे भारत को ही कोट पहना देना चाहिए।  भविष्य में भारत आरक्षण कोटे के नाम से प्रसीद्ध होगा।  और वह दिन दूर नही जब आरक्षित कोटे वाले इतने समर्थ हो जायेंगे कि अनारक्षित लोगों को आरक्षण का कोटा
बाँटने लगेंगे।   फिर उलटी गंगा बहने लगेगी। हर कोई अपनी मूछों पर ताव देने लगेगा । वे भी जिनके मूँछे  है और वे भी जिनके मूँछे नही है। बस दिक्कत में वे ही रहेंगे जिनके पेट में दाढ़ी है । तो बोलो --   आरक्षण बाबा की  जय हो !

           --- शशि  पुरवार

समीक्षा -- है न -

  शशि पुरवार  Shashipurwar@gmail.com समीक्षा है न - मुकेश कुमार सिन्हा  है ना “ मुकेश कुमार सिन्हा का काव्य संग्रह  जिसमें प्रेम के विविध रं...

https://sapne-shashi.blogspot.com/

linkwith

http://sapne-shashi.blogspot.com