Wednesday, July 11, 2018

सुख की क्यारी


भारी सिर पर बोझ है, ना उखड़ी है श्वास
राहें पथरीली मगर, जीने में विश्वास 
जीने में विश्वास, सधे क़दमों से चलना 
अधरों पर मुस्कान, न मुख पर दुर्दिन मलना 
कहती शशि यह सत्य, तोष है सुख की क्यारी 
नहीं सालता रोग, काम हो कितने भारी 


जीवन तपती रेत सा, अंतहीन सी प्यास
झरी बूँद जो प्रेम की, ठहर गया मधुमास
ठहर गया मधुमास, गजब का दिल सौदागर
बूँद बूँद भरने लगाप्रेम अमरत्व की गागर
कहती शशि यह सत्य, उधेड़ों मन की सीवन
भरो सुहाने रंग, मिला है सुन्दर जीवन

शशि पुरवार 

Friday, July 6, 2018

गीतों में बहना

 कभी कभी, अच्छा लगता है,
कुछ  तनहा रहना। 


तन्हाई में भीतर का
सन्नाटा भी बोले
कथ्य वही जो बंद ह्रदय के
दरवाजे खोले। 


अनुभूति के,अतल जलधि को
शब्द - शब्द  कहना
कभी कभी, अच्छा लगता है,
कुछ  तनहा रहना। 


बंद पलक में अहसासों के
रंग  बहुत बिखरे
शीशे जैसा शिल्प तराशा
बिम्ब तभी निखरे।


प्रबल वेग से भाव उड़ें जब
गीतों में बहना।
कभी कभी, अच्छा लगता है,
कुछ  तनहा रहना। 


गहन विचारों में आती, जब
भी कठिन हताशा
मन मंदिर में दिया जलाती
पथ की परिभाषा


तन -मन को रोमांचित करती
सुधियों को गहना
कभी कभी, अच्छा लगता है,
कुछ  तनहा रहना।
           -- शशि पुरवार

Saturday, June 16, 2018

बच्चों वाले खेल

उत्सव की वह सौंधी खुशबू 
ना अंगूरी बेल 
गली मुहल्ले भूल गए हैं 
बच्चों वाले खेल 

लट्टू, कंचे, चंग, लगौरी 
बीते कल के रंग 
बचपन कैद हुआ कमरों में 
मोबाइल के संग 

बंद पड़ी है अब बगिया में 
छुक छुक वाली रेल 
गली मुहल्ले भूल गए हैं 
बच्चों वाले खेल. 

बारिश का मौसम है, दिल में 
आता बहुत उछाव 
लेकिन बच्चे नहीं चलाते 
अब कागज की नाव 

अंबिया लटक रही पेड़ों पर 
चलती नहीं गुलेल 
गली मुहल्ले भूल गए हैं 
बच्चों वाले खेल. 

दादा - दादी, नाना - नानी
बदल गए हालात 
राजा - रानी, परी कहानी 
नहीं सुनाती रात 

छत पर तारों की गिनती 
सपनों ने कसी नकेल 
गली मुहल्ले भूल गए हैं 
बच्चों वाले खेल.
शशि पुरवार 
चित्र गूगल से साभार 

Monday, June 11, 2018

हीरे सा प्रतिमान


उमर सलोनी चुलबुली, सपन चढ़े परवान
आलोकित शीशा लगे, हीरे सा प्रतिमान1 

एक सुहानी शाम का, दिलकश हो अंदाज
मौन थिरकता ही रहे , हृदय बने कविराज2 

मन के रेगिस्तान में, भटक रही है प्यास
अंगारों की सेज पर, जीने का अभ्यास3 

निखर गया है धूप में, झरा फूल कचनार
गुलमोहर की छाँव में, पनप रहा है प्यार4 

कुर्सी पर बैठे हुए, खुद को समझे दूत
संकट छाया देश पर, ऐसे पूत कपूत5 

पाप पुण्य का खेल है, कर्मों का आव्हान
पाखंडी के जाल में , मत फँसना इंसान6 

झूम रही है डालियाँ, बूॅंद करे उत्पात
बरखा रानी आ गई, भीगे तन मन पात 7

आॅंगन में बरगद नहीं, ना शहरों से गाॅंव
ना चौपाले नेह की, घड़ियाली है छाॅंव 8 

चाँदी की थाली सजी, फिर शाही पकवान
माँ बेबस लाचार थी, दंभ भरे इंसान 9 


शशि पुरवार 

Monday, June 4, 2018

टेढी हुई जुबान


भोर हुई मन बावरा, सुन पंछी का गान
गंध पत्र बाँटे पवन, धूप रचे प्रतिमान 
 

पानी जैसा हो गया, संबंधो में खून
धड़कन पर लिखने लगे, स्वारथ का कानून 
 

आशा सुख की रागिनी, जीवन की शमशीर
गम की चादर तान कर, फिर सोती है पीर


सोने जैसी जिंदगी, हीरे सी मुस्कान
तपकर ही मिलता यहाँ, खुशियों का बागान
 

जीवन तपती रेत सा, अंतहीन सी प्यास
झरी बूँद जो प्रेम की, ठहर गया मधुमास 
 

सत्ता में होने लगा, जंगल जैसा राज
गीदड़ भी आते नहीं, तिड़कम से फिर बाज


सत्ता में होने लगा, जंगल जैसा राज
गीदड़ भी आते नहीं, तिड़कम से फिर बाज


उपकरणों का ढेर है, सुविधा का सामान
धरती बंजर हो रही, मिटे खेत खलियान


फिसल गई ज्यों शब्द से, टेढी हुई जुबान
अपना ही घर फूंकते,विवादित से बयान


मन भी गुलमोहर हुआ, प्रेम रंग गुलजार
ह्रदय वसंती मद भरा ,गीत झरे कचनार 
 

समय लिख रहा माथ पर,उमर फेंटती ताश
तन धरती पर रम रहा, मन चाहे आकाश


संवादों में हो रहा, शब्दों से आघात
हरा रंग वह प्रेम का, झरते पीले पात

शशि पुरवार  

Monday, May 14, 2018

विचारों में मिलावट

वक़्त बदल गया है। विचारों में भी मिलावट हो रही है।  साहित्य व व्यंग्य भी खालिस नहीं रहा। हर तरफ मिलावट ही मिलावट है।  मिलावट कहाँ नहीं है ... विचार, साहित्य,व्यंग्य, राजनीति विज्ञान ,संचार माध्यम  ..... ऐसा कोई क्षेत्र शेष नहीं है जो मिलावट से ग्रस्त न हो। अब आप सोचेंगे इनमे  मिलावट कैसे हो सकती है।  दूषित विचार अपना प्रभाव दिखातें ही है।  हर कोई अपनी काली कामना पूर्ति में लगा हुआ है। यौन पिपासा, कामुक विचार हमारे तथाकथित खुलेपन और पोर्न तस्वीरों की देन हैं। भोजन अशुद्ध होगा तो विचार भी अशुद्ध आएंगे। शाकाहारी छोड़ माँसाहार का सेवन आखिर पशु के हार्मोन आप अपने शरीर में डाल रहें है। दिमाग भी पशु की तरह इधर उधर मुँह मारेगा ही। पशु व इंसान में फर्क ही कहाँ बचा।  प्रकृति में जो है उसे नष्ट करना मानव ने अपना जन्मसिद्ध अधिकार बना लिया है। मानवी अंग भी कृतिम बनाकर लगाए जाते है।  वास्तविकता कहाँ शेष है।
  
             मिलावट का दायरा बढ़ने लगा है।  दुष्कर्म, क्राइम, चालबाजी इतनी बढ़ गयी है कि किसी सच्चे इंसान को भी हम अपनी मिलावटी नजर से देखने लगे हैं। वैसे आज के समय सच्चा इंसान भी दूरबीन लेकर खोजना होगा।  घर के बड़े बुजुर्ग हो या अपना - पराया।  हर कोई आँखों में खटक रहा है।  मीडिया भी वही परोस रही है, जो न सीखें हो वह भी देखकर सीख जाएँ। समाज को दिमागी फितूर की आदत इस मिलावटी दुनियां ने डाली है.  मिलावट ने इतना प्रचंड रूप  धारण किया है कि हमें हर व्यक्ति मिलावटी लगने लगा है। दुष्कर्मी कृत्य करके उसे धर्म का जामा पहनाने का प्रयत्न करता है।  अब महिला और पुरुष  धर्मानुसार शारीरिक बनावट पृथक कैसे हुई, यह गुत्थी समझ नहीं आयी। धर्मानुसार नाक कान अलग अलग होते हैं ?  यह उनकी जगह बदल जाती है। यह सुनने के बाद मन में विचार आया कि धर्म के अनुसार शरीर का अध्यन भी किया जाये।  
        
         आज मन में ख्याल आया कि कभी एक समय था जब हम विशुद्ध खाद्य सामग्री का उपयोग करते थे। हर तरफ खुशहाली थी।  लहलहाती फसलों  के साथ लहलहाते रिश्ते भी थे। सुविधा के साधन कम थे किन्तु मन को सुकून ज्यादा था।  पुरानी पीढ़ी ने हमें विश्वास, सुरक्षा और  अपनत्व प्रदान किया किन्तु न जाने कहाँ चूक हो गयी।  इंसान ज्यादा चतुर हो गया। अनाज व धान्यों में कंकर मिलाना शौक बन गया। दूध में पानी मिलाने लगे. धीरे धीरे कमोवेश सभी खाद्य सामग्री मिलावट के घेरे में आ गयी।  आज पानी में  दूध मिलातें हैं।  हद तो तब हो गयी जब पानी में रंग शक्कर मिला कर दूध ही बना लिया। दूध में झाग बनाने के लिए रासायिनक पाउडर मिलाने लगे।  किसी की जान जाये फर्क नहीं, माल हाथ आये की तर्ज शुरू हो गयी।  

        सामग्री में मिलावट की बात विचारों में जन्मी थी तो सौ प्रतिशत सारा झोल विचारों में ही था। फल सब्जियों में रसायन - रंग की मिलावट तो गाय - भैंस को इंजेक्शन लगाकर उनका ही जीवन रस निचोड़ रहें है। लालच ने अँधा कर दिया था।  

शर्मनाक है कि आज  रिश्तों को भय व असुरक्षा की भावना से ग्रसित करके तार तार कर दिया है। दूषित मानसिकता के कारण  भय के बादल मँडराते रहतें है। बच्चे बचपना भूल गए हैं।  कभी माटी में खेलने वाले बच्चे आज  पैदा होते ही मोबाइल से खेलते हैं।  माटी की खुशबु की जगह तरंगो की मिलावटी  खुशबु दिमाग में रस बस जाती है। बचपन सलोनापन छोड़कर जल्दी युवा बन जाता है।  दिमागी रसायन में परिवर्तन हमारी मिलावटी वस्तुओं का ही असर है।  दिमाग में भी रसायन मिलावटी कर रहे हैं। पल में खुश व पल में खूंखार।  जाने कैसे कैसे फितूर दिमाग को व्यस्त करके तरक्की का जामा पहनाने में लगे हुए हैं। 

               हर कोई चारो तरफ से चादर खींचने में लगा हुआ है। चादर तो किसी के हाथ आती नहीं  है अपितु फट जरूर जाती है।  कमोवेश यही हाल व्यंग्य व साहित्य जगत को भी अपनी लाग लपेट में ले चुका है।  साहित्य में मिलावट सुनने में बहुत अजीब लगता है।  किन्तु सत्य है जब से सोशल मीडिया आया है विचारों का मिलावटी रायता फैलने लगा है। हर कोई उस रायते को चटकारे लेकर खा रहा है।  बची कुछ नमक मिर्च डालकर उसे चटपटा बनाने का कार्य दिमागी फितूर कर ही देते हैं। 

जहाँ मिलावट के कई नमूने गुणधर्म के साथ मौजूद है। यदि कोई व्यक्ति चाहे तो यहाँ दिमागी फितरतों की पी एच डी कर सकता है। कई विशुद्ध साहित्यकारों की रचनाएँ  चोरी करके, चोर भी अशुद्ध  साहित्यकार बनकर वाह वाही  लूट रहें हैं।  विचारों को चुराकर मिलावट के साथ परोस दिया जाता है।  असली नकली का भेद करना मुश्किल हो गया है। गीत - नवगीत - नयी कविता वाले अपनी अपनी चादर खींचने में लगे है।  मानवीय संवेदनाओं की अभिव्यक्ति से कोई लेना देना नहीं है।  छंद में गद्य घुसने लगा है। व्यंग्य में सपाटबयानी आने लगी है।  संगीत में भी मिलावटी  हो रही है। सभी मिलावट को मॉर्डन कपड़ों का जामा पहनकर हाथों को सेका जा रहा है।  संगीत की मधुरता में भौंडेपन व कर्कश शोरों का मिश्रण हो गया है।  आज इन चोरो 
की संख्या इतनी बढ़ गयी है कि पहचानना मुश्किल है सच्चा कौन।  इसका रायता फैलाने में सोशल मीडिया  महामहिम बनकर उभरी है।  जो लोगों को एडा बनाकर पेड़ा खा रही है। वित्त करेंसी  भी मिलावट से परहेज नहीं कर सकी. जब नए नोट चलन में आये तो वह  हाथों को रँगने लगे। सोना - हीरा भी मिलावट हो गया है।  आज नकली  चमक ही असली लगती है। 
     
           एक बार की बात है हम बस में सफर कर रहें है।  एक भद्र महिला सोने के आभूषण पहने थी। चलती बस में एक गुंडा हाथ में चाकू लेकर खड़ा हो गया।  उस भद्र महिला से बोला -  गहने दे वर्ना मार दूँगा।  ऐसा कहकर गहने छीनने का प्रयत्न करने लगा।  यह सब कांड देखकर मन में भय उत्पन्न हुआ।  हम हमारी सोने की चेन सँभालने का प्रयत्न करने लगे।  तभी उस महिला ने कहा  अरे भाई रुको -- ४० रूपए की चीज के लिए क्यों मेरे प्राण ले रहे हो।  सब गहने उतारकर दे दिए।  बेचारा गुंडा पोपट जैसा हो गया।  मिलावट किसी की जान भी बचा सकती है देखकर तसल्ली हुई। बाद में महिला से ज्ञात हुआ २ नकली था एक असली किन्तु सब वापिस मिल गया। नकली में भी दम हैं। असल नक़ल को पहचाना मुश्किल होता है। पहले राजशाही लोग सोना हीरा पहनते थे , आज सोना हीरा भी मिलावट बन गया है।  जिसे हर कोई पहनता है. अब अंतर करना मुश्किल है कौन अमीर कौन गरीब। इस मिलावट ने ऊँच - नीच का भेद जरूर  समाप्त कर दिया है। 

        गहनों तक तो ठीक था।  कुछ भी पहनों चोरी का डर नहीं।  वैसे भी कारोबारी कौन सा असली बेच रहें है। हम भी खुद हो बेबकूफ बनाते हैं। मापदंड बदलने लगे हैं।  धर्म - जाति प्रदेश - राष्ट्र हर जगह कुर्सी भी मिलावट का कारोबार करने लगी है।नेता अपनी कुर्सी देखकर कुर्सी धर्म ऐसे बदलते हैं जैसे कपडे बदल रहें हों। अब तो हमें भी लगने लगा कि  हमारे विचारों में भी मिलावट होने लगी है।गीत लिखने  बैठो  गजल बन जाती है। गद्य लिखने बैठो पद्य बनने लगा।  व्यंग्य 
लिखों तो व्यंग्य में मिश्रण के कारन चरमोत्कर्ष नहीं होता है। विचारों में ताजगी लाने के लिए अब हमने घर में ही खेती शुरू कर दी है , विशुद्ध भोजन करके हार्मोन की मिलवाट का प्रभाव कुछ कम हो सकेरायता बनाने वाले बैठे थे किन्तु खिचड़ी बन गयी। देश समाज में फैले हुए कंकर आँखों में चुभने लगे हैं। कलम की स्याही में मिलावट  के कारण कलम भी अवरुद्ध हो जाती है। भाई आज जैसा भी कलम का स्यापा भोजन है खाकर हमें माफ़ जरूर करना।  कल एक दुकान दिखी हैसच कहूं उसके सपने भी अब सोने नहीं देतेदबंद मिलावट।  गली नंबर चोरखेचरी बाजारयहाँ सर्वप्रकार का विशुद्ध मिलावटी सामान मौजूद हैपन्नू काका पंसारी वाले। वाकई दुनिया  तरक्की पर है।  
शशि पुरवार 

 
 जनसंदेश टाइम्स लखनऊ समाचार पत्र के प्रकाशित व्यंग्य - दिनांक - १३ /०५ /२०१८ 


Friday, May 11, 2018

दोहे - बेबस हुआ सुकून

जंगल कटते ही रहे, सूख गए तालाब 
बंजर होते खेत में, ठूँठ खड़े सैलाब 

जीवन यह अनमोल है, भरो प्रेम का रंग
छोटे छोटे पल यहाँ, बिखरे मोती चंग 

हरी भरी सी वाटिका, है जीवन की शान 
बंद हथेली खुल गई, पल में ढहा मकान 

कतरा कतरा बह रहा, इन आँखों से खून 
नफरत की इस आग में, बेबस हुआ सुकून 

बेगैरत होने लगे, कलयुग के इंसान 
लालच का व्यापार है, स्वाहा होती जान 

रात रात भर झर रहे, कोमल हरसिंगार 
मदमाती सी चाँदनी, धरती का श्रृंगार 

आकुलता उर में हुई, मन में फिर कुहराम 
ताना बाना बुन दिया, दुर्बलता के नाम 

राहों  में मिलते रहे, अभिलाषा के वृक्ष 
डाली से कटकर मिला अवसादों का कक्ष 

सत्ता में होने लगा, जंगल जैसा राज 
गीदड़ भी आते नहीं, तिड़कम से फिर बाज 

शशि पुरवार 





Monday, May 7, 2018

आँगन की धूप

धूप आंगन में खड़ी है
लग रही कितनी अकेली
हो रही नींव जर्जर
धूर में लिपटी हवेली

शहर की तीखी चुभन में 
नेह का आँगन नहीं है
गूँजती किलकारियों का
फूल सा बचपन नहीं है

शुष्क होते पात सारे
बन रहें है इक पहेली
धूप आँगन में खड़ी है
लग रही कितनी अकेली

छोड़ आये गॉँव में हम
कहकहों के दिन सुहाने
गर्म शामें तप रही हैं
बंद कमरों के मुहाने

रेशमी अहसास सारे
झर गए चंपा चमेली
धूप आँगन में खड़ी है
लग रही कितनी अकेली

गर्मियों में ढूँढ़ते हैं
वृक्ष की परछाईयों को
पत्थरों पर लिख गयी, उन
प्रेम की रुबाइयों को

मौन क्यों संवाद सारे
सिर्फ माँ है इक सहेली
धूप आँगन में खड़ी है
लग रही कितनी अकेली
शशि पुरवार









Wednesday, April 18, 2018

मन का हो उपचार


गंगा के तट पर सभी, मानव करते काम
धोना कपडा व पूजा, धरम करम के नाम
धरम करम के नाम, करें तर्पण  चीजों का
पाप पुण्य संग्राम, विषैला मन बीजों का
कहती शशि यह सत्य, न करो नदी से पंगा    
अतुल गुणों की खान, विषैली होती  गंगा  


२ 
माता तेरे द्वार का, खुला हुआ  दरबार 
भक्त सभी आतें यहाँ, मन का हो उपचार   
मन का हो उपचार, न कोई संकट आये 
भ्रम का मायाजाल, मन को ही भरमाये 
कहती शशि यह सत्य, खुला यहीं बही खाता 
मत करना बदनाम, जगत जननी है माता

3


बौराया सा दिन गया, अलसायी सी शाम
रात चिट्ठियाँ लिख रही, चंदा तेरे नाम
चंदा तेरे नाम, लिखी प्रेम भरी पाती
सपनों का संग्राम, नींद ना रातों आती
शशि कहती यह सत्य, प्रीत  में डूबी काया
दिन हो चाहे रात, मुदित तन मन बौराया। 

शशि पुरवार

Sunday, April 1, 2018

मूर्ख दिवस



 मूर्ख दिवस 
आज सुबह से मन उतावला हो रहा था।  बच्चों की ऊधम पट्टी से यह समझ आ गया कि कल  १ अप्रैल हैं।  भला हो बच्चों का, नहीं तो अपनी बैंड बजना तय थी। बच्चे ऐसा मौका हाथ से नहीं जाने देतें हैं।  घर वाले घर में भी टोपी पहनाना नहीं भूलतें हैं।  आज शर्मा जी बड़े जोर शोर से टहल कदमी कर रहे थे।  भाई बचपन में खूब अप्रैल फूल बनाया और बने भी, पर कहतें  हैं  कि इंसान कितना भी बड़ा हो जाये बच्चों वाली हरकतें करना कभी नहीं छोड़ता, पहले हाफ निक्कर पहनकर  मूर्ख बनाते थे ,अब फुल पेंट पहनकर मूर्ख बनाएंगे, यह बात अलग है मुख में पान गिल्लोरी दबाए मियां कैसे नजर आतें है।  

         बच्चे तो बच्चे, बाप रे बाप बड़ो को भी चस्का लगा हुआ है।  शर्मा जी यही सोचन रहे का करें कछु तो करन ही पड़े, इस बार मोबाइल से अंतरजाल पर बेबकूफ बनाएंगे, कौन  ससुरा हमें जानत है जो हमरे घर कदम ताल करके  आवेगा। वइसन भी आजकल सबरे त्यौहार सिमट कर कमरे में बंद हो गएँ हैं बस उँगलियाँ,   मोबाइल और लैपटॉप पर चलते - चलते  सभी त्यौहार मना लेती हैं। 

            मूर्ख  दिवस मनाना भला किसे पसंद  नहीं होगा। व्यस्त जिंदगी में रस घोलती अनुभूतियाँ लोगों की प्यारी - दुलारी बन जातीं हैं।  यह किसी त्यौहार से कम नहीं  है।

 अहा !१ अप्रैल जैसे अपने अरमान पूरे करने का दिन। इस दिन का इन्तजार हर छोटे-बड़ों को रहता है। एक ही तो दिन होता है जब जो चाहे वह करो।  यानि किसी को भी मूर्ख बनाओ कोई कुछ नहीं कहेगा। यह मूर्ख बनाने का लाइसेंस जो प्राप्त हो गया है।  हाँ मूर्ख बनने वाला जरुर  झेंप जाता है कि लोगों को ज्ञात हो गया वह भी बेवकूफ है। इसके एवज में कोई क्रोध में लाल पीला होता है।  तो कोई खिसियानी बिल्ली की तरह खम्बा नोचते नजर आता है।   हंसने-हँसाने यह दिन यानि १ अप्रैल।  जिसे दुनियाँ मूर्ख दिवस के नाम से जानती है। 

                एक अप्रैल का दिन सभी के लिए खासम खास है। भाई दिमाग की कितनी मस्सकत करनी पड़ती है।  मजाल है एक दॉंव छूटा  तो दूसरा तैयार !  किसे कैसे बेवकूफ बनाया जाये कहीं यह ना हो कि दॉंव ही उल्टा पड़ जाये और हम खुद ही अपने खोदे हुए गड्ढे में गिर जायें। 
         कैसे कहें कि  यदि  लोगों को मूर्ख नहीं बनाया तो खुद के पेट में दर्द होने लगेगा।  आखिर मूर्ख बनना और बनाना  हमारा जन्मसिद्ध अधिकार है। मूर्ख  बनाने का लाइसेंस, यह बात पल्ले नहीं पड़ी कि मूर्ख दिवस मनाने की ऐसी क्या जरुरत आन पड़ी है।  क्या मूर्खो को देश में कोई स्थान दिलाना है या उनका आरक्षण करवाना है। कोई कानून पास करना है या मूर्खो की सरकार बनाना है। वैसे भी सभी, कहीं ना कहीं मूर्खता पूर्ण कार्य जरुर करतें हैं। तो यह कहना उचित होगा कि सभी के अन्दर एक मूर्ख  विद्यमान होता है। किसी के मन में भी यह ख्याल क्यूँ नहीं आया  कि मूर्खो को भी आरक्षण दिलाना चाहिए।  आखिर वह भी इसके हकदार है। 
             
मन का उत्साह हिलोरे मार मार कर तन को रोमांचित कर रहा  था। हम भी सोच रहें है इस बार कुछ अलग किया जाये।  क्यों ना मिडिया के बादशाह फेसबुक या ट्विटर पर कुछ लिखकर लोगों में हल्ला बोल कराया जाए।  मोदी राज है।  सभी को पूरी आजादी है। जनता भी हाईटेक बनने वाली है।  गॉंव गॉंव में इंटरनेट  और मोबाइल हर आदमी को शहर से जोड़ देंगे।  फिर कहाँ  गॉंव,  कहाँ शहर। सब एक ही डोर से बंधे हुए रस्सी खीचेंगे। कभी कभी ख्याल आता है कि एक मूर्ख सम्मलेन की तैयारी की जाय।   मूर्खों का यह सम्मलेन  रोमंचकारी अनुभव होगा। यह सम्मलेन पहले दूरदर्शन पर और हर शहर में मनाया जाता था।  हमरे गॉंव में भी होता है जो विजेता बना उसे जूते - चप्पल की माला पहना कर सम्मानित किया।  शहरी हाईटेक संस्कृति को यह सब नहीं भायेगा। आखिर वक़्त बदल गया है। इसीलिए कुछ अलग करना चाहिए। दिमाग के घोड़े दौड़ाकर तय किया।  कुछ मिर्च मसाला लिखकर दुनिया को ही मूर्ख बनायें।  जितने ज्यादा लाइक और कमेंट्स आएंगे उतना ही हमारा खून  बढ़ जायेगा और हम मूर्खों के बादशाह कहलायेंगे।
 
मुर्ख दिवस हमारी संस्कृति की देन नहीं है।  इस दिवस को लेकर कई अवधारणाएं प्रचलित हैं।  रोम के लोग १ अप्रैल को नव वर्ष के रूप में मनाते थे। किसी ने उस दिन का केलेंडर स्वीकार किया तो किसी ने उस केलेंडर को अस्वीकार कर दिया।  कहा जाता है कि लोगों को बेवकूफ बनाने के लिए  राजा – रानी ने अपनी शादी की तारीख ३२ मार्च करने की घोषणा की थी।  तभी से इस दिन को मूर्ख दिवस के रूप में मनाया जाता है। 
 
 यह भी मजेदार है  किसी मूर्ख को कह दो कि तुम मूर्ख हो।  तो बेचारा आँखे फाड़ फाड़ कर ऐसे देखेगा जैंसे हमरे दिमाग का स्क्रू ही ढीला  हो गया हो। वैसे ही जैसे, किसी  कुत्ते को कुत्ता कहना कुत्ते अपमान है।  ऐसा महसूस होता है  जैसे हम गाली दे रहें है।  भले ही बेचारे कुत्ते को भी पता नहीं होगा कि कुत्ता कहना  गाली होती है।   बेचारा कुत्ता भी ना जाने किस बात की सजा भुगत रहा है।  अच्छा भले  आदमी की वफादारी  करता है और इनाम स्वरुप बेचारे कुत्ते  का नाम ख़राब कर दिया। 
   मसखरी करने का यह दिन सभी खुले मन से स्वीकारतें हैं। १ अप्रैल है तो बुरा भी नहीं लगेगा। जैसे बुरा ना मानो होली है।  वैसे ही बुरा न मानो  मूर्ख दिवस है। हँसी - ठिठोली, मौज मस्ती का भरपूर आनंद।  किसी की शर्ट पर लिखा है।  हिट मी – तो बेचारे को जाकर मार दिया। 

चॉकलेट के रेपर में पत्थर रख दिया तो अप्रैल फूल। आनंद उठाने के लिए रसगुल्ले और मिठाई में लाल मिर्ची भर दी। फिर लाल पीले होने का आनंद । रात हमने सड़क पर १०० रूपए के नोट को  काले धागे से  बांधकर सड़क पर रख दिया। जो बेचारा लालच का मारा  नोट उठाने का प्रयत्न करता,  तो  धागा खींचकर  बेचारे के सामने प्रगट होकर  हँसी का फव्वारा छोड़ दिया। बेचारा मिस्टर एक्स ने खुद की नजर बचाकर  दुम  दबा ली। थोडा झूठ बोला।  थोड़ा  परेशान किया और कह दिया अप्रैल फूल. ! चलो कोई तो फूल खिला है।  लाल- पीले- नीले - गुलाब  नहीं गोभी के फूल नहीं यह तो अप्रैल के फूल है जो भरी जेठ में भी गुदगुदाने का आनंद प्रदान करतें हैं।
शशि  पुरवार

समीक्षा -- है न -

  शशि पुरवार  Shashipurwar@gmail.com समीक्षा है न - मुकेश कुमार सिन्हा  है ना “ मुकेश कुमार सिन्हा का काव्य संग्रह  जिसमें प्रेम के विविध रं...

https://sapne-shashi.blogspot.com/

linkwith

http://sapne-shashi.blogspot.com