Monday, May 7, 2018

आँगन की धूप

धूप आंगन में खड़ी है
लग रही कितनी अकेली
हो रही नींव जर्जर
धूर में लिपटी हवेली

शहर की तीखी चुभन में 
नेह का आँगन नहीं है
गूँजती किलकारियों का
फूल सा बचपन नहीं है

शुष्क होते पात सारे
बन रहें है इक पहेली
धूप आँगन में खड़ी है
लग रही कितनी अकेली

छोड़ आये गॉँव में हम
कहकहों के दिन सुहाने
गर्म शामें तप रही हैं
बंद कमरों के मुहाने

रेशमी अहसास सारे
झर गए चंपा चमेली
धूप आँगन में खड़ी है
लग रही कितनी अकेली

गर्मियों में ढूँढ़ते हैं
वृक्ष की परछाईयों को
पत्थरों पर लिख गयी, उन
प्रेम की रुबाइयों को

मौन क्यों संवाद सारे
सिर्फ माँ है इक सहेली
धूप आँगन में खड़ी है
लग रही कितनी अकेली
शशि पुरवार









Wednesday, April 18, 2018

मन का हो उपचार


गंगा के तट पर सभी, मानव करते काम
धोना कपडा व पूजा, धरम करम के नाम
धरम करम के नाम, करें तर्पण  चीजों का
पाप पुण्य संग्राम, विषैला मन बीजों का
कहती शशि यह सत्य, न करो नदी से पंगा    
अतुल गुणों की खान, विषैली होती  गंगा  


२ 
माता तेरे द्वार का, खुला हुआ  दरबार 
भक्त सभी आतें यहाँ, मन का हो उपचार   
मन का हो उपचार, न कोई संकट आये 
भ्रम का मायाजाल, मन को ही भरमाये 
कहती शशि यह सत्य, खुला यहीं बही खाता 
मत करना बदनाम, जगत जननी है माता

3


बौराया सा दिन गया, अलसायी सी शाम
रात चिट्ठियाँ लिख रही, चंदा तेरे नाम
चंदा तेरे नाम, लिखी प्रेम भरी पाती
सपनों का संग्राम, नींद ना रातों आती
शशि कहती यह सत्य, प्रीत  में डूबी काया
दिन हो चाहे रात, मुदित तन मन बौराया। 

शशि पुरवार

Sunday, April 1, 2018

मूर्ख दिवस



 मूर्ख दिवस 
आज सुबह से मन उतावला हो रहा था।  बच्चों की ऊधम पट्टी से यह समझ आ गया कि कल  १ अप्रैल हैं।  भला हो बच्चों का, नहीं तो अपनी बैंड बजना तय थी। बच्चे ऐसा मौका हाथ से नहीं जाने देतें हैं।  घर वाले घर में भी टोपी पहनाना नहीं भूलतें हैं।  आज शर्मा जी बड़े जोर शोर से टहल कदमी कर रहे थे।  भाई बचपन में खूब अप्रैल फूल बनाया और बने भी, पर कहतें  हैं  कि इंसान कितना भी बड़ा हो जाये बच्चों वाली हरकतें करना कभी नहीं छोड़ता, पहले हाफ निक्कर पहनकर  मूर्ख बनाते थे ,अब फुल पेंट पहनकर मूर्ख बनाएंगे, यह बात अलग है मुख में पान गिल्लोरी दबाए मियां कैसे नजर आतें है।  

         बच्चे तो बच्चे, बाप रे बाप बड़ो को भी चस्का लगा हुआ है।  शर्मा जी यही सोचन रहे का करें कछु तो करन ही पड़े, इस बार मोबाइल से अंतरजाल पर बेबकूफ बनाएंगे, कौन  ससुरा हमें जानत है जो हमरे घर कदम ताल करके  आवेगा। वइसन भी आजकल सबरे त्यौहार सिमट कर कमरे में बंद हो गएँ हैं बस उँगलियाँ,   मोबाइल और लैपटॉप पर चलते - चलते  सभी त्यौहार मना लेती हैं। 

            मूर्ख  दिवस मनाना भला किसे पसंद  नहीं होगा। व्यस्त जिंदगी में रस घोलती अनुभूतियाँ लोगों की प्यारी - दुलारी बन जातीं हैं।  यह किसी त्यौहार से कम नहीं  है।

 अहा !१ अप्रैल जैसे अपने अरमान पूरे करने का दिन। इस दिन का इन्तजार हर छोटे-बड़ों को रहता है। एक ही तो दिन होता है जब जो चाहे वह करो।  यानि किसी को भी मूर्ख बनाओ कोई कुछ नहीं कहेगा। यह मूर्ख बनाने का लाइसेंस जो प्राप्त हो गया है।  हाँ मूर्ख बनने वाला जरुर  झेंप जाता है कि लोगों को ज्ञात हो गया वह भी बेवकूफ है। इसके एवज में कोई क्रोध में लाल पीला होता है।  तो कोई खिसियानी बिल्ली की तरह खम्बा नोचते नजर आता है।   हंसने-हँसाने यह दिन यानि १ अप्रैल।  जिसे दुनियाँ मूर्ख दिवस के नाम से जानती है। 

                एक अप्रैल का दिन सभी के लिए खासम खास है। भाई दिमाग की कितनी मस्सकत करनी पड़ती है।  मजाल है एक दॉंव छूटा  तो दूसरा तैयार !  किसे कैसे बेवकूफ बनाया जाये कहीं यह ना हो कि दॉंव ही उल्टा पड़ जाये और हम खुद ही अपने खोदे हुए गड्ढे में गिर जायें। 
         कैसे कहें कि  यदि  लोगों को मूर्ख नहीं बनाया तो खुद के पेट में दर्द होने लगेगा।  आखिर मूर्ख बनना और बनाना  हमारा जन्मसिद्ध अधिकार है। मूर्ख  बनाने का लाइसेंस, यह बात पल्ले नहीं पड़ी कि मूर्ख दिवस मनाने की ऐसी क्या जरुरत आन पड़ी है।  क्या मूर्खो को देश में कोई स्थान दिलाना है या उनका आरक्षण करवाना है। कोई कानून पास करना है या मूर्खो की सरकार बनाना है। वैसे भी सभी, कहीं ना कहीं मूर्खता पूर्ण कार्य जरुर करतें हैं। तो यह कहना उचित होगा कि सभी के अन्दर एक मूर्ख  विद्यमान होता है। किसी के मन में भी यह ख्याल क्यूँ नहीं आया  कि मूर्खो को भी आरक्षण दिलाना चाहिए।  आखिर वह भी इसके हकदार है। 
             
मन का उत्साह हिलोरे मार मार कर तन को रोमांचित कर रहा  था। हम भी सोच रहें है इस बार कुछ अलग किया जाये।  क्यों ना मिडिया के बादशाह फेसबुक या ट्विटर पर कुछ लिखकर लोगों में हल्ला बोल कराया जाए।  मोदी राज है।  सभी को पूरी आजादी है। जनता भी हाईटेक बनने वाली है।  गॉंव गॉंव में इंटरनेट  और मोबाइल हर आदमी को शहर से जोड़ देंगे।  फिर कहाँ  गॉंव,  कहाँ शहर। सब एक ही डोर से बंधे हुए रस्सी खीचेंगे। कभी कभी ख्याल आता है कि एक मूर्ख सम्मलेन की तैयारी की जाय।   मूर्खों का यह सम्मलेन  रोमंचकारी अनुभव होगा। यह सम्मलेन पहले दूरदर्शन पर और हर शहर में मनाया जाता था।  हमरे गॉंव में भी होता है जो विजेता बना उसे जूते - चप्पल की माला पहना कर सम्मानित किया।  शहरी हाईटेक संस्कृति को यह सब नहीं भायेगा। आखिर वक़्त बदल गया है। इसीलिए कुछ अलग करना चाहिए। दिमाग के घोड़े दौड़ाकर तय किया।  कुछ मिर्च मसाला लिखकर दुनिया को ही मूर्ख बनायें।  जितने ज्यादा लाइक और कमेंट्स आएंगे उतना ही हमारा खून  बढ़ जायेगा और हम मूर्खों के बादशाह कहलायेंगे।
 
मुर्ख दिवस हमारी संस्कृति की देन नहीं है।  इस दिवस को लेकर कई अवधारणाएं प्रचलित हैं।  रोम के लोग १ अप्रैल को नव वर्ष के रूप में मनाते थे। किसी ने उस दिन का केलेंडर स्वीकार किया तो किसी ने उस केलेंडर को अस्वीकार कर दिया।  कहा जाता है कि लोगों को बेवकूफ बनाने के लिए  राजा – रानी ने अपनी शादी की तारीख ३२ मार्च करने की घोषणा की थी।  तभी से इस दिन को मूर्ख दिवस के रूप में मनाया जाता है। 
 
 यह भी मजेदार है  किसी मूर्ख को कह दो कि तुम मूर्ख हो।  तो बेचारा आँखे फाड़ फाड़ कर ऐसे देखेगा जैंसे हमरे दिमाग का स्क्रू ही ढीला  हो गया हो। वैसे ही जैसे, किसी  कुत्ते को कुत्ता कहना कुत्ते अपमान है।  ऐसा महसूस होता है  जैसे हम गाली दे रहें है।  भले ही बेचारे कुत्ते को भी पता नहीं होगा कि कुत्ता कहना  गाली होती है।   बेचारा कुत्ता भी ना जाने किस बात की सजा भुगत रहा है।  अच्छा भले  आदमी की वफादारी  करता है और इनाम स्वरुप बेचारे कुत्ते  का नाम ख़राब कर दिया। 
   मसखरी करने का यह दिन सभी खुले मन से स्वीकारतें हैं। १ अप्रैल है तो बुरा भी नहीं लगेगा। जैसे बुरा ना मानो होली है।  वैसे ही बुरा न मानो  मूर्ख दिवस है। हँसी - ठिठोली, मौज मस्ती का भरपूर आनंद।  किसी की शर्ट पर लिखा है।  हिट मी – तो बेचारे को जाकर मार दिया। 

चॉकलेट के रेपर में पत्थर रख दिया तो अप्रैल फूल। आनंद उठाने के लिए रसगुल्ले और मिठाई में लाल मिर्ची भर दी। फिर लाल पीले होने का आनंद । रात हमने सड़क पर १०० रूपए के नोट को  काले धागे से  बांधकर सड़क पर रख दिया। जो बेचारा लालच का मारा  नोट उठाने का प्रयत्न करता,  तो  धागा खींचकर  बेचारे के सामने प्रगट होकर  हँसी का फव्वारा छोड़ दिया। बेचारा मिस्टर एक्स ने खुद की नजर बचाकर  दुम  दबा ली। थोडा झूठ बोला।  थोड़ा  परेशान किया और कह दिया अप्रैल फूल. ! चलो कोई तो फूल खिला है।  लाल- पीले- नीले - गुलाब  नहीं गोभी के फूल नहीं यह तो अप्रैल के फूल है जो भरी जेठ में भी गुदगुदाने का आनंद प्रदान करतें हैं।
शशि  पुरवार

Monday, March 26, 2018

प्रेम नगर अपवाद



तन इक  मायाजाल है, जीवन का परिधान
मन सुन्दर अमृत कलशा,तन माटी प्रतिमान1

ढोंगी ने चोला पहन, खूब करे पाखंड
भगवा वस्त्रों को मिला, कलुषित मन का दंड2

 

सरपट दौड़ी रेलगाड़ी , छोड़ समय की डोर 

मन ने भरी उड़ान फिर , शब्द हुए सिरमौर 3


 
कर्म ज्योति बनकर जले, फल का नहीं प्रसंग
राहों में मिलने लगे, सुरभित कोमल रंग4


मन में बैचेनी बढ़ी, साँस हुई हलकान
दिल भी बैठा जा रहा, फीकी सी मुस्कान5


मौलिकता खोने लगी , स्वार्थ हुआ आबाद
पत्थर दिल में ढूँढ़ते, प्रेम नगर अपवाद 6


दो पल की है जिंदगी, आगा पीछा छोड़
हँसकर जी ले तू जरा, मन के बंधन तोड़7 

शशि पुरवार 

Tuesday, March 20, 2018

मूर्खता की परछाई

समय के साथ सब बदल जाता है।  यह परम सत्य है। आदमी पहले दूसरों को मूर्ख बनाता था।  आज खुद को  मूर्ख बनाता है। आज मेरी मुलाकात अपनी ही परछाई से हो गयी।  अब आप कहेंगे मूर्ख है। कोई  परछाई से भी मिलता है। लेकिन हम मिले और जी भर कर मिले। जाने दीजिये आप सोचेंगे। आज सच में एक मूर्ख से पाला पड़ गया है। हमें क्या आप सोचते रहें। इंसान मूर्ख ही तो है।  आज स्वयं को मूर्ख कहने में हमें कोई कोताही नहीं। आभाषी दुनियां के मूर्खता पूर्ण व्यवहार ने हमें होशियारी सीखा दी है।हम कितने सीधे हैं।  लोग लल्लू भी है होसियार भी है।जब लम्बे समय से जुड़े  हुए लोग पूछते है। आप कौन है। क्या करतें है। सच पूछों दिल में छुरियां चल जाती है।क्या  कभी पढ़ते नहीं है। बस आजकल गप्पा बाजी करना ही शौक बन गया है।  खुद को उच्च कोटि का साबित करने के लिए बार बार बिना सिर पैर  की बात के बात करतें है। खैर जाने दीजिये।  आज मेरी परछाई ने मुझे ही मूर्ख कह दिया। हुआ यूँ -

 मेरी परछाई कैसी हो?
 प्रश्न अजीब था।  किन्तु तीर तरकश से निकल चुका था। वैसे भी हम जाने माने साहित्यकार है तो परछाई भी वही हुई। किन्तु उसने हमीं पर पलटवार किया।

 कितना स्यापा फैला रखा है। काम के न काज के।  बस दिन भर उजुल फुजूल लिखकर लोगों को बरगलाते हो।  कोई काम धाम नहीं है क्या ? किसे मूर्ख बनाते हो। खुद को।

जबाब सीधे दिल को भेद गया। घर में कोई बकर बकर नहीं सुनता तो हमने भी दुनिया को सुनाकर खुद को महान बना लिया। ससुरा आज तक किसी ने तारीफ नहीं की है। घर में पत्नी बच्चे, माँ - बाप के लिए  हम नकारा थे। कहतें हैं घर की मुर्गी दाल बराबर। सो थाली में कभी दाल  भी नहीं मिलती थी। हमने सोचा उल्लू क्या जाने अदरक का स्वाद। आज इंसान ने मूर्खता के पैमाने छलका दिए हैं। इस विचार ने हमें असीम शांति प्रदान की। किन्तु हमारी परछाई थी तो सत्य कैसे ना जानती। आज हमारे मूर्खता पूर्ण प्रश्न ने हमें मूर्ख सिद्ध कर दिया। 

 वैसे मूर्खता के कई प्रकार होते हैं। एक परिभाषा में मूर्खता को कैसे परिभाषित करें।  खुशफहमी मूर्खता को सर्वोपरि बनाती है। खुद का प्रचार करो, विज्ञापन करो और खुद को महान समझो।  हमारे इर्द गिर्द नजर  घुमाये ऐसे मूर्खो की भरमार है।  शर्मा जी जब देखो ऊँट की गर्दन ताने घूमते रहतें है।  सुना है बहुत बड़ा काम किए है।  किन्तु अडोसी पडोसी को पता भी नहीं है।  सो ससुरे उनके बुद्धिजीवी दिमाग को क्या जाने।  वो ऐसे तने रहतें है जैसे दुनियाँ भर का बोझ उन्हीं के सर पर है।  एक बार  सिंह अंकल हमें  बगीचे में मिल गए थे।  और बोले लल्ला क्या करतें हो
हमने लगे हाथो कह दिया - कवी है

कवी क्या होता है।  बेचारी दुखियारी आत्मा।

हमारा चौड़ा सीना सिकुड़ कर पिचके गुब्बारे सा हो गया।समाज का यही दोष है दूसरों की पतंग काटो और आनंद लो। सभी  रिश्ते  आभासी होने लगे।  खुद को महान समझने वाले मूर्ख अहंकार में एक दूसरे से कन्नी काटतें हैं। खुद की चार दीवारी में कैद अकेलेपन के साथी ऊँट की गर्दन ताने फिरते हैं।  किसी से बात करने के लिए गर्दन नीचे करनी होती है। जो कोई करेगा नहीं। हम आजतक इस दुनियादारी को समझ नहीं सके कि गर्दन ऊँची क्यों है।

   कल एक गोष्ठी में देखा शर्मा जी तन कर बैठे हुए थे।  अडोसी - पडोसी उनके कर्मो के बारे में नहीं जानते थे।  वे विशुद्ध लेखक थे। उजुल फिजूल लिखते लिखते खुद को महान लेखक बना लिया। बड़ी अदा से घूमते थे। जैसे वही अक्ल दराज बाकी मूर्खो की बारात। खुशफहमी  इंसान को जिंदादिल बना देती है।  कम से कम सर में शंका का चूरन रखने से खुशफहमी का तेल लगाना ज्यादा अच्छा  है। हम शर्मा जी को देखते ही  रह गए। कितनी  बड़ी हस्ती बन गए।  लोग एक फोटो चिपकाने के लिए तरसने है। एक तो चिपका ही दो। शर्मा जी खुश है। किन्तु उन्हें क्या पता लोग उनका उपयोग किये जा रहे हैं।फोटो शर्मा जी की चिपका कर अपना प्रचार कर रहें है।  जे हमरे खास मित्र  है तो हम भी खास बन गए।लोग एक दूसरे के कंधे पर पैर रखकर चढ़ने लगे है।  बेहद खुश है  कि हमने बहुत बड़ा तीर मार लिया है। 

   आजकल हमारे एक मित्र जिन्हें  हमसे बेहद मोहब्बत है।  जब देखो हमारी  भाषा - विचारों को चुराते रहते हैं।खुद को महान सिद्ध करने की कोशिश में लगे रहतें है। चोरी करके महान बन गए। उन्हें  आभासी दुनिया में  कह दिया मेरी रचना है तो झट से ब्लॉक  कर दिया।  एक दूसरे को उल्लू बनाने से अच्छा है खुद को उल्लू बना लो।हमने सोचा रचना चोरी की है गुण नहीं। खुद को खुश कर लिया।  

 अब ज्यादा क्या कहें। यही कहेंगे  खुद को मूर्ख  बनाना अपने स्वास्थ के लिए लाभदायक होता है।  हम तो यही कहेंगे खुद को खूब मूर्ख बनाओ। इसमें परमानन्द है। आप कहेंगे कैसे तो सुने -

 खुद को महान समझने से आप कुछ महान कार्य करने का प्रयास  करेंगे।इससे  आप व्यस्त रहेंगे।  कुछ अच्छा कार्य करेंगे। 
 खुद को देखने - समझने के आदी हो जायेंगे तो दूसरों की बातों पर ध्यान नहीं जायेगा।  बिन सिरपैर की बातों को नजरअंदाज करेंगे तो बीपी शुगर जैसी बिमारी कोसो दूर होगी।
  किसी बात की चिंता नहीं होगी क्यूँगी आप खास है , दूसरो को मूर्ख जरूर समझे। यह खुशफहमी आपको खुश रखेगी।  
  एक दूसरे को मूर्ख समझने की प्रथा से कुंठा, द्वेष, जलन से मुक्ति मिलेगी। और आप खुश फ़हम रहेंगे। 
 आपको अकेले में भी आनंद आने लगेगा।  घर वाले आपके कोप का भाजन नहीं होंगे।
 दोस्त, यार,  हमजोली  आपके मूर्खता को बुद्धिजीवी सा  मान देंगे।
 कोई सुने य ना सुने आप खुद को जरूर सुनेंगे।
 हर तरफ परमानन्द होगा। लोगों की छींटाकसी पर आप मुस्कुरायेंगे और अपनी मूर्खता का ख़िताब उन्हें दे देंगे कि मूर्ख है।  समझता नहीं है।
  तो खुशफहमी को पहनते रहें।  खुद को मूर्ख बनाते रहें।  जिंदादिली दिखाते रहें।
खुद को लोगों को झेलने का सुख देते रहें।खुद भी हम मित्रों को झेलते रहे।  

सभी हार्मोन कुशलता से कार्य करेंगे।  खुश फहमी बीमारी से मुक्ति दिलाएगी।  आप मुस्कुरायेंगे तो हम भी मुस्कुरायेंगे।  शुक्रिया आपने हमारी मूर्खता को तवज्जो दी।  मुर्खानंद की जय हो। 
शशि पुरवार 

जनसंदेश टाइम्स लखनऊ में प्रकाशित व्यंग्य 



Sunday, March 18, 2018

माँ हृदय की झंकार में -


माँ बसी हो, तुम हृदय की

साज में, झंकार में 
चेतना जागृत करो माँ
इस पतित संसार में.

आस्था का एक दीपक
द्वार तेरे रख दिया
ज्योति अंतर्मन जली
उल्लास, मन ने चख लिया
शक्ति का आव्हान करके
पा लिया ओंकार में. 
माँ बसी हो, तुम हृदय की
साज में, झंकार में

पाप फैला है जगत में
अंत पापी का करो
शौर्य का पर्याय हो, माँ
रूप काली का धरो
जन्म देती, जगत जननी
बीज को आकार में.
माँ बसी हो, तुम हृदय की 
साज में, झंकार में

छंद वैदिक, मंत्र गूँजे
भावना रंजित हुई
सजग होती आज नारी,
जीत अभिव्यंजित हुई
माँ नहीं, तुमसा जहाँ में,
 

नेह के उद्गार में.
माँ बसी हो, तुम हृदय की
साज में, झंकार में
शशि पुरवार 

आप सभी को चैत्र नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएँ 

समीक्षा -- है न -

  शशि पुरवार  Shashipurwar@gmail.com समीक्षा है न - मुकेश कुमार सिन्हा  है ना “ मुकेश कुमार सिन्हा का काव्य संग्रह  जिसमें प्रेम के विविध रं...

https://sapne-shashi.blogspot.com/

linkwith

http://sapne-shashi.blogspot.com