Thursday, January 14, 2016

समीक्षा - सदी को सुन रहा हूँ मै

जयकृष्ण राय तुषार के नवगीत संग्रह "सदी को सुन रहा हूँ मैं" की सहज अभिव्यक्ति और सरल शैली विशेष रसानुभूति का आभास कराती है।  पाठकों से संवाद स्थापित करते हुए गीत तरलता से दिलों में अपनी गेयता की पदचाप छोड़ते हैं।  और जन जन की मुखर वाणी बन नए उपमान प्रस्तुत करते हैं।  अनेक समसामयिक गीत जनमानस की समस्याओं को इंगित करते हुए अपना पाठक के साथ सीधा तादात्मय स्थापित करते हैं। 

आज के बोझिल व्यस्त वातावरण में जब मधुर संवाद धूमिल होने लगे हैं।  अपराधिक गतिविधियाँ बढ़ रही हैं, लोग दहशत के साये में जीने के लिए बाध्य हैं, संसार गरीबी और बेकारी से त्रस्त है और देश में फैली अराजकता और उथल पुथल हर किसी को व्याकुल कर रही है, गीतकार की संवेदना से निकली वाणी,  संवेदना के धरातल पर पाठक के अंतःस्थल को छूती है।  कवि का हृदय, संगम की पावन भूमि पर पड़ने वाले कदमों को शांति का सन्देश भी देता है और उनके सुख की कामना भी करता है।  संकलन  का प्रथम गीत ओ मेरे दिनमान एक ऐसा ही गीत है।

नए साल में नयी सुबह ले 
ओ मेरे दिनमान निकलना   
संगम पर आने से पहले  
मेलजोल की धारा पढना 
अनगढ़ पत्थर 
छेनी लेकर 
अकबर पन्त निराला गढ़ना 
सबकी किस्मत रहे दही गुड 
नहीं किसी की खोटी लाना 
बस्ती गाँव 
शहर के सारे 
मजलूमों को रोटी लाना 
फिर फिर राहू ग्रहण लायेगा 
साथ लिए किरपान निकलना 

गीतकार ने त्योहारों और ऋतुओं को अपनी कविता का प्रमुख विषय बनाया है। बसंती मौसम का केवल सौंदर्य-वर्णन ही नहीं किया है बल्कि उसके कल्याणकारी स्वरूप से त्रासदी झेल रहे लोगों के जीवन में सुख की याचना भी की है, गीत में मुखरित हुई इन मोहक पंक्तियों को देखिये-

अब की शाखों पर बसंत तुम 
फूल नहीं रोटियाँ लाना 
युगों युगों से प्यासे होठों को 
अपना मकरंद पिलाना  
साँझ ढले स्लम की देहरी पर  
उम्मीदों के दिए जलाना 

माँ का रिश्ता हर रिश्तों से पृथक और अनमोल रिश्ता होता है।  माँ की ममता का आकलन नहीं किया जा सकता है।  माँ खुद के अस्तिव को मिटाकर, बिना स्वार्थ, के सिर्फ स्नेह लुटाना जानती है। यहाँ माँ के पावन रूप को गीतकार ने गंगा नदी की उपमा प्रदान की है।  गंगा नदी और माँ निस्वार्थ बच्चों को अपने अंक में समेट कर रखती है, फिर भी मानव जाति उसकी क़द्र नहीं कर सकी है।  कवि के ह्रदय से निकली हुई इन सटीक  पंक्तियोँ को देखें जिनमें, माँ के प्रति असीम प्रेम भाव उमड़ पड़ा है-

मेरी ही यादों में खोयी
अक्सर तुम पागल होती हो 
माँ तुम गंगाजल होती हो

हम तो नहीं भागीरथ जैसे 
कैसे सर से कर्ज उतारें 
तुम तो खुद ही गंगाजल हो 
तुमको हम किस जल से तारें  

थककर बैठी हुई 
उम्र की इस ढलान पर 
कभी बहा करती थी
यह  गंगा उफान पर

प्रेम एक शास्वत काव्यात्मक अनुभूति है, जिसे नकारा नहीं जा सकता है, इसमें कोमल अनुभूतियों के पनपने के लिए उपजाऊ भूमि आसानी से तैयार नहीं होती है।  विरोधी, चुभन भरी हवा अपना रंग जमाने के लिए लालायित रहती है।  इस संग्रह में प्रेम की लोकरंजक  अनुभूति  को नवगीत में सुन्दरता और कलात्मकता के साथ प्रस्तुत किया गया है।  बेटी, प्रेयसी, पत्नी रोजमर्रा के कार्यो में उलझी नारी के विविध रूपों, उनकी पीड़ा, समर्पण, सौन्दर्य  का गीतकार ने कलात्मक वर्णन किया है।  प्रेम के ये  बसंती रंग, जीवन की  परंपरा को आलोकित कर उसे जीवन के धरातल से जोड़तें हैं।   भिन्न भिन्न भावों की पृथक पृथक अभिव्यति की  बानगी देखें जो नयी ताजगी का अहसास कराते हुए सीधे दिल में उतरती है। 

साँझ चूल्हे के धुएँ में 
लग रहा चेहरा  तुम्हारा 
ज्यों घिरा हो बादलों में 
एक टुकड़ा चाँद प्यारा
रोटियों के शिल्प में है 
हीर राँझा की कहानी 
शाम हो या दोपहर हो 
हँसी, पीढ़ा और पानी 
याद रहता है तुम्हें सब 
कि कहाँ किसने पुकारा 

रंग- गुलालों वाला मौसम 
कोई मेरा गाल छू गया 
खुली चोंच से जैसे कोई
पंछी मीठा ताल छू गया 
जाने क्या हो गया चैत में 
लगी देह परछाई बोने 
पीले हाथ लजाती आँखें 
भरे दही-गुड, पत्तल-दोने 

सागर खोया था लहरों में 
एक अपरिचित पाल छू गया 

प्रेम गीत है, चिडिया है और सुगंध भी है, जयशंकर तुषार के नवगीतों में प्रेम के ये सहज बिम्बात्मक स्वर प्रकृति को अपने में समेटे हुए पाठक के मन को गुदगुदाते हैं। 

अक्षरों में खिले फूलों सी 
रोज साँसों में महकती है 
ख्वाब में आकर मुंडेरों पर 
एक चिड़िया सी चहकती है 

फिर गुलाबी धूप तीखे 
मोड़ पर मिलने लगी है 
यह  जरा सी बात पूरे 
शहर को खलने लगी है 
रेशमी जुड़े बिखरकर 
गाल पर सोने लगे हैं  
गुनगुने जल एडियों को 
रगड़कर धोने लगे हैं 

बिना माचिस के प्रणय की 
आग फिर जलने लगी है 
सुबह उठकर हलद चन्दन 
देह पर मलने लगी है 

तुषार जी के गीतों में राजनितिक और सामाजिक विसंगतियों पर प्रहार करते हुए यथार्थ में पाँव भी जले हैं।  इन गीतों की अभिव्यक्ति, लय, गेयता और शिल्प कथ्य के अनुरूप परिवर्तित होता है।  तुषार जी के लंबे गीत (जो कम से कम ४ अंतरे के हैं) भी अपनी बात ठीक से प्रेषित करते दिखाई देते हैं।  वे लम्बे होते हुए भी नीरस और उबाऊ होने से बचे रहे हैं।  राजनितिक और सामाजिक विसंगतियों के कठिन समय में गीतकार की कलम पलायनवादी, निराशावादी बनकर नहीं चली है अपितु विसंगतियों की परतें खोल रहीं है 
१ 
चुप्पी ओढ़ परिंदे सोये 
सारा जंगल राख हुआ 
वन-राजों का जुर्म हमेशा ही
जंगल में माफ़ हुआ 
२ 
तानाशाही झुक जाती जब 
जनता आगे आती है 
हथकड़ियों जेलों से कोई
क्रांति कहाँ रुक जाती है 
कहाँ अहिंसा से लड़ने की 
हिम्मत है तलवारों में 
३ 
रातें होतीं कोसोवी सी
दिन लगते हैं वियतनाम से 
सर लगता है अब प्रणाम से 
हवा बह रही अंगारे सी 
दैत्य सरीखे हँसते टापू
नंगी पीठ गठरियाँ उन पर 
नोनिहाल हो रहे कबाड़ी 
आप चलाते गाँव-गाँव में 
उम्मीदों की आँगनबाड़ी 
४ 
सोई है यह राज्यव्यवस्था 
मुँह पर पानी डालो 
खून हमारा बर्फ हो रहा 
कोई इसे उबालो 
५ 
कालिख पुते हुए हाथों में 
दिए दिवाली के 
कापालिक की कैद सभी 
मंतर खुशहाली के 
फूलों की घाटी में मौसम की 
हथेलियाँ रँगी खून से 

इस संग्रह के गीतो की भाषा मुहावरेदार हिंदी है।  बोलचाल में प्रयुक्त होने वाले शब्दों के अतिरिक्त आंचलिक शब्दों का प्रयोग पाठक को उसकी माटी से जोड़ता है।  दैनिक जीवन के प्रचलित कई शब्दों से गीत पाठक के आसपास ही घूमते मालूम होते हैं।  मकई पान, रोटी, किरपान, बौर आम, सरसों, गेहूँ, रथ, पल्लू, केसर, परदे, संवस्तर, मादल ,गंगाजल, लॉन कुर्सी, पुलोवर, शावर, डाकिया, रिसालों, चूड़ियाँ, मजदूर, गाझ, चिंगारी, तितली, हरियाली, गुलदस्ता, स्लम, दिया, तिथियाँ, गिरगिट, तालमखाना, पोखर, जूडे, चाय, दर्पण, अजनबी, मेंहंदी, निठल्ले, मोरपंख, स्कूल, कलम, गुस्ताख, कॉफ़ी, दालान, यज्ञ, अर्ध्य, भगवान् , कमीना, सफीना, वालमार्ट, जोंक, तिजोरी, मंहगी गैस, डीजल, टिफिन, कांजीवरम सिल्क, ब्रत ,आरती, पूजा, निर्जला, गोदरेज, टू जी, थ्री जी, दलाल, टोल टैक्स, लाल किला, शापिंग माल, नाख़ून, कैनवास, रिबन, रंगोली, राजमिस्त्री, अनशन, टापू, चाकू, गुर्दा, धमनी, कठपुतली, दफ्तर, कंकड़, यजमान, गारंटी, खनखनाती, फोन टॉस, पंडे, वेद, तुलसी ,सागरमाथा, गेंदा, गुडहल, लैम्पपोस्ट, न्याय सदन, दियासलाई, कालिख, बेताल, लैपटॉप, केलेंडर इत्यादि शब्दों का सहजता से उपयोग हुआ है।  यह शब्द कहीं भी जबरन ठूँसे हुए प्रतीत नहीं हुए हैं, न ही इन शब्दों से गीत की गेयता, शिल्प और लय पर कोई प्रभाव पड़ा है।  
   
युग्म शब्दों का भी नवगीत में बेहद सहजता से सुन्दर प्रयोग हुआ है । दही-गुड, मघई-पान, छेनी-पत्थर, हल्दी-उबटन, नीले-पीले, फूल- टहनियाँ, सुग्गा-दाना, कुशल-क्षेम, लय-गति, वंशी-मादल, घूसर मिटटी, लू-लपट, रिश्ते-नाते, घुटन-बेबसी, हँसते-गाते, बाप-मतारी, बीबी-बच्चे, गंध-कस्तूरी,  पल-छिन, खून-पसीना, भौंरे- फूल, काशी-मदीना, सिताब-दियारा, राग-दरबारी,  साँझ-चूल्हा, हीर-राँझा, राजा-रानी, आँधी-पानी, कूड़ा-कचरा, कोर्ट-कचहरी, सत्य-अहिंसा, दाना-पानी, मुखिया-परधानो, चिरई-चुनमुन, अपने-अपने, जंतर-मंतर,  भाग्य-विधाता, ओझा-सोखा, घर-आँगन, ढोल-मँजीरे, आँख-मिचोनी , पूजित पूजित, आन-बान, साँझ-सुबहो, दफ्तर-थकान, घर-गिरस्ती ,सौ-सौ, पूजा-हवन, कण कण, सँवरा-निखरा, चंपा-चंपा, चम्पई-उँगलियों, धुआँ- धुंध, चिहुंक-चिहुंक, यमुना-गंगा, जन-गन मन, दूध-मलाई, पान-सुपारी, जादू-टोने, तंत्र-मंत्र, चढ़ते-उतरते, साधू-सन्यासी, पल-भर, पक्ष-विपक्ष, सत्य-अहिंसा, लूट-डकैती, दया-धर्म, भूख-बेगारी, जाती-धरम कौवे-चील, हार-जीत, अनेक शब्द सामान्य परिवेश के आसपास घूमते हुए पाठक की बोली का अहसास कराते हैं।  सामान्य जन के आसपास घूमते हुए गीतों में बोल चाल के शब्दों का भरपूर प्रयोग हुआ है।  कुछ कुछ शब्दों  के बिम्ब बहुत सुन्दर प्रतीत हुए हैं । 
  
तुषार जी का यह संकलन एक बार पढ़कर रख देने वाला नहीं है अपितु गीतों की ताजगी का अहसास पाठक को बारम्बार महसूस होता है।  जहाँ गीतों में कसावट और गेयता पाठक को बाँधे रखने में सक्षम है। वहीं सहज रसानुभूति इन्हें स्मृतियों में सहेजती है।  इन्हें पढना सुखद अनुभूति है।  ताजगी से भरपूर इस संकलन हेतु तुषार जी को  हार्दिक बधाई।
--------------------------------------------------------------------------------------
गीत- नवगीत संग्रह - सदी को सुन रहा हूँ मैं, रचनाकार- जयकृष्ण राय तुषार, प्रकाशक- साहित्य भण्डार ५० , चाहचन्द , इलाहबाद - २०११०३२, प्रथम संस्करण-२०१४, मूल्य- रूपये ५०, पृष्ठ १२६, ISBN- ९७८-८१-७७७९-३४३-७, परिचय- शशि पुरवार

Monday, January 11, 2016

दफ्तरों से पल




दफ्तरों से बन गए है,
जिंदगी के पल
शाम से मिलते, थके दिन
रात का आँचल।

अब समय के साथ चलते,
दौड़ते साये
चाँद - तारों सी तमन्ना
हाथ में लाये
नींद आँखों में नहीं है
प्रश्न का जंगल।

अक्स अपना देखते, जब 
रोज दरपन में
भार से काँधे झुके है
रोष है मन में
बस नजर आती नहीं है
इक हँसी निश्छल।

धूप बैठी हाशिये पर
ढल गया यौवन
भीड़ में कुछ ढूँढता है
यह प्रवासी मन
रात गहराने लगा है
आँख का काजल।
      ---- शशि पुरवार

Friday, January 1, 2016

हौसलों के गीत गाओ


साल नूतन  आ गया है कुछ नया करके दिखाओ
स्वप्न आँखों में सजाकर हौसलों के गीत गाओ.

द्वेष, कुंठा, खूँ - खराबा रात्रि गहराने लगी है
लाख गहराये अँधेरा एक दीपक तुम जलाओ.

तोड़ दो खामोशियों को जुल्म को सहना नहीं है
जुल्म के हर वार रोको भीत नफरत की हटाओ.

खिड़कियों से झाँकती जो एक टुकड़ा धूप छनकर
आस की वैसी किरण बन, हर तिमिर जग से मिटाओ.

दुर्गुणों का अंत हो, हो  अंतरात्मा की सफाई
देश में चैनो अमन हो, राग  मिलकर गुनगुनाओ.

नव सुबह का खुश नजारा ,हर पनीली आँख देखे
वेदना के स्वर मिटाकर इक हँसी बन खिलखिलाओ.

चिलचिलाती धूप जब पाँवों में डाले बेड़ियां, तब
फिर कहे शशि छंद रचकर जय  को गुनगुनाओ.  
   --- शशि पुरवार

Tuesday, December 22, 2015

चैन लूटकर ले गया। .......


  
Image result for smiley
                  फेसबुकी दुनिया के तिलिस्मी रिश्ते !   जी हाँ  यह प्यार भरी  यह प्यारी दुनियां - नैनों का तारा बन चुकी हैइसके पहले हम बात कर रहे थे दर्शन से प्रदर्शन तक।  इस बहती गंगा में न जाने कितने  संपादकों  का  क्या क्या गरम  हो रहा है।  किसी का माथा, किसी का बिस्तर , किसी की जेब। और भी न जाने क्या क्या !  यह अपने आप में स्वतंत्र शोध का विषय है। फेसबुकी रचनाकारों की फेसबुकी किताबें छप रही हैं।  जीवन की किताब अब डिजिटल किताब बन चुकी है। अब थूक लगाकर पन्ने नहीं पलटने पड़ते हैं  माउस से काम हो जाता है।  वर्षों पुराने रिश्ते जी उठे हैं।  आदमी आदमी का हो गया है।  फेंटेसी  सच्चाई बन गयी है।  पहले परिवार  का दायरा सिमित  थाअब अपरिमित है। फेसबुक पर ही जन्मदिन मन रहा है और वहीँ श्रद्धांजलि भी दे दी जा रही है।  परिवार का कौन सदस्य क्या कर रहा है, उसकी रूचि कुरुचि क्या है,  इसकी जानकारी भी अब फेसबुक से  मिलती है, कौन कहाँ जा रहा है कौन किसके साथ पार्टी मना रहा है, कौन घर आ रहा हैं,  कौन किसके फोटो लाइक कर रहा है, किसके टाँके किससे भिड़े है, यह फेसबुक पर  जासूसी हो रही है।  मगर अब कौन डरता है, जो जहाँ मरता है वह कहीं और भी मरता है - ये वाला जमाना आ गया है। 
                 
        कोई  बहती गंगा में हाथ धो रहा है कोई आँखों के समंदर में डूब रहा है। ये फेसबुक जो न कराये।  अजी आजकल कार्टून कौन देखता हैलोग स्वयं इसका हिस्सा बने हुए हैंइस चैनल की जगह फेसबुकी दुनियां ने ले ली है. फेसबुक पर एक से एक कार्टून भरे पड़े हैं. चाहे जिससे दिल लगाओ। 
                  
              कभी कभी मन में विचार आतें है कि  यदि यह  फेसबुक न होगा तो लोगों का क्या होगा?  यह फेसबुक किसी दिन नहीं रहेगा तो क्या होगा ? सारे लोग पगला जायेंगे।  पता नहीं कौन सा कदम उठा जायेंगे। कहाँ करेंगे लोग टाइम पास।  कहाँ लिखेगी भड़ास बहु, जब दुखी होगी सास ! कहाँ लेंगे कवि लोग चांस ! फेसबुक नहीं होगा तो सेल्फ़ी कहाँ लगाएंगे ? यह सेल्फ़ी का युग है।  हर आदमी सेल्फ़ी है।  दफ्तर से लेकर घर तक की सेल्फ़ी - सेल्फ़ी। सड़क से लेकर संसद तक।  कई लोग सेल्फ़ी खींचने के लिए ही कहीं आते -जाते हैं।  यह नया दौर है, नया नशा है। 

                 यह दुनियां अब शराब की ऐसी बोतल के समान है जिसका नशा उतरने का नाम  ही नहीं लेता हैऔर यह शराब नसों में घुलकर उन्माद की परिकाष्ठा तक पहुँचा रही हैहाय जब यह न होगा तो मजा कैसे आएगा।  किसे अपने किचन से बैडरूम तक की तस्वीरें दिखाएंगे ? क्या लाइक करेंगे ? कहाँ कमेंट्स करेंगे। यह लाइकबाजी और कमेंट्सबाजी का दौर है।  
               यहाँ हर रिश्ता जायज  है, रिश्ते को नाम न दो।  लोग खुलकर बोल रहे हैं।  खुलकर अपनी भावनाएं व्यक्त कर रहे हैं।  भावनाओं की चाँदी है और कामनाओं की भी।  प्रीत के तार ऐसे जुड़ें हैं कि टूटने का नाम ही नहीं लेते हैंनैन मटक्का अब चैन मटक्का बनता जा रहा हैकुछ नए रिश्ते गुदगुदा रहें है, कुछ प्रीत की डोर से बँधने के लिए तैयार बैठें हैं।  कुछ रिश्तें सेलिब्रिटी बनकर अपने जलवे दिखा रहें है.  चैन लूटकर ले गया बैचेन कर गया  ........ यहाँ हर आदमी बैचेन हैं।  कोई कुछ पाने के लिए कोई कुछ खोने को।  
                                                 .-- शशि पुरवार 

Friday, December 11, 2015

जिंदगी के इस सफर में भीड़ का हिस्सा नहीं हूँ।


Image result for nature images

जिंदगी के
इस सफर में
भीड़ का हिस्सा नहीं हूँ
गीत हूँ मै,
इस सदी का
व्यंग का किस्सा नहीं हूँ.

शाख पर
बैठे परिंदे
प्यार से जब बोलतें है
गीत भी
अपने समय की
हर परत  को खोलतें हैं
भाव का
खिलता कँवल हूँ
मौन का भिस्सा नहीं हूँ।

शब्द उपमा
और रूपक
वेदना के स्वर बनें हैं
ये अमिट
धनवान हैं जो
छंद बन झर झर झरे हैं
प्रीति का मधुमास हूँ
खलियान का मिस्सा नहीं हूँ

अर्थ
बिम्बों में समेटे
राग रंजित मंत्र प्यारे
कंठ से
निकले हुए स्वर
कर्ण प्रिय
मधुरस नियारे
मील का
पत्थर बना हूँ
दरकता
सीसा नहीं हूँ।
-- शशि पुरवार 




Saturday, December 5, 2015

थका थका सा दिन




थका थका सा
दिन है बीता
दौड़ -भाग में बनी रसोई
थकन  रात
सिरहाने लेटी
नींद नहीं आँखों में सोई

रोज पकाऊ
दिनचर्या की
घिसी पिटी सी परिपाटी
नेह भरे
झरनों से वंचित
सम्बन्धो  की सूखी घाटी

कजरारी
बदली ने आकर
नर्म धूप की लटें भिगोई

साँस साँस पर
चढ़ी  उधारी
रहने का भी नहीं ठिकाना
संध्या के
होठों पर ठहरा
ठंडे संवादों का बाना

उमर निगोड़ी
नदी किनारे
जाने किन सपनों में खोई

नहीं आजकल
दिखते कागा
पाहुन का सन्देश सुनाते
स्वारथ के
इस अंधे युग में
कातिल धोखे मिलने आते

गन्ने की
बदली है सीरत
फाँखे भी है छोई छोई।
--- शशि पुरवार

Wednesday, December 2, 2015

समय छिछोरा












खाली खाली मन से रहते,
तन है जैसे टूटा लस्तक
जर्जर होती अलमारी में,
धूल फाँकती, बैठी पुस्तक।

समय छिछोरा,
कूटनीति की
कुंठित भाषा बोल रहा है
महापुरुषों की
अमृत वाणी
रद्दी में तौल रहा है
अर्थहीन, कटु कोलाहल
सुन सुन
घूम रहा है मस्तक।

शरम- लाज,
आँखों का पानी
सूख गयी है आँख नदी
गिरगिट जैसा
रंग बदलती
धुआं उड़ाती नयी सदी
अर्धनग्न कपड़ें को पहने
द्वार पश्चिमी गाये मुक्तक.

खून पसीना,
छद्म चाँदनी
निगल रही है  अर्थव्यवस्था
आदमखोर
हुई महंगाई
बोझ तले मरती हर इक्छा
यन्त्र चलित
हो गयी जिंदगी
यदा कदा खुशियों की दस्तक.
    -- शशि पुरवार

अंतर्राष्ट्रीय नवगीत महोत्सव की काव्य संध्या में प्रस्तुत किया गया यह नवगीत। 

Sunday, November 15, 2015

फेसबुकी दीपावली



 फेसबुकी दीपावली –
       फेक का अंग्रेजी अर्थ है धोखा व फेस याने चेहरादुनिया में आभाषी दुनिया का चमकता यह चेहरा एक मृगतृष्णा के समान है जो आज सभी को प्यारा मोहित कर चुका हैनित्य समाचार की तरह सुपरफास्ट खबरे यहाँ मिलती रहती है.कहीं हँसी के ठहाकेकहीं आत्ममुग्ध तस्वीरेंकहीं प्रेमकहीं शब्दों की बंदूकेंहर तरफ एक बड़े मौल का एहसासजैसे आज दुनियाँ हमारे पास हैसाथ हैजैसे दुनियाँ बस एक मुट्ठी में समां गयी है.
            देश में कुछ समय पहले सफाई अभियान शुरू किया गया थानेता जी की वाणी का ओज और झाड़ू का बोझदोनों का  करिश्मा ऐसा था कि देखने वाले भी हक्के बक्के हो गएवायरस की तरह कचरा अभियान की बीमारी ने पूरे देश को अपनी गिरफ्त में ले लिया थाअब जिसे देखो वह अपनी तस्वीर और झाड़ू के साथ हर जगह मौजूद थाभले की वहां कचरा न फैला होकिन्तु झाड़ू को सफ़ेद झक्क पोशाधारक के साथ तस्वीरों में तबज्जो मिलने का सौभाग्य प्राप्त हुआकुछ लोगों ने स्वयं कचरा वहाँ फैलाया और सफाई अभियान का श्री गणेश कियाएक दिन ऐसे ही हमारे एक मित्र जिन्हें अंतर्जाल का रोग अभी तक नहीं लगा थाउन्हें जब हमने पूरे सम्मान के साथ इन तस्वीरों को दिखाया और उसकी महिमा का गुणगान कियाबेचारे हमारे सामने हाथ जोड़कर खड़े गए – बोले प्रभु हमें भी दूध मलाई का आनंद लेने दोयह पकवान देखकर हमारी भी नियत बिगड़ रही है.
           हमें हमारी काबलियत पर बड़ा गुरुर हुआखैर सबकी मनोकामना पूरी हो जाये और हमें भी कुछ पुण्य कमाने का मौका मिया हैअहो भाग्य हमारे इसे कैसे छोड़ सकते हैंआत्मशांति का कुछ प्रसाद मिल जाये तो कालजे में ठंडक पड़ेजब सफाई अभियान प्रारंभ हुआ तो फेसबुक भला इससे पृथक कहाँ हैदीपावली में लक्ष्मी के आगमन के पूर्व साफ़ सफाई की जाती हैघर को सजाया जाता हैकुछ लोगों द्वारा दीपावली की सफाई अभियान की तस्वीरें लोड की गयींतो बहुतेरे नींद से जागेदीपावली आ गयी अब तो जैसे सफाई की प्रतियोगिता प्रारंभ हो गयीहर किसी में होड़ लगी हुई थीकिस तरह उम्दा चमकती सफाई करके सितारे की भांति खुद को भी चमका लिया जायेभाई कचरा अभियान को जब मिडिया ने इतनी तवज्जो दी है तो फिर यह दीपवाली हैइसकी तुलना हम कैसे कर सकते हैं.
                सफाई का हर हर किसी के घर में देखने को मिलाअचानक घर में उठे तूफ़ान को शांति की सास समझ ही नहीं सकी कि क्या हुआरोज बहु को बिस्तर तोड़ने और मोबाइल मोड़ने से फुर्सत नहीं मिलती थीआज अचानक कौन सा चमत्कार हुआ कि बहुरानी झाड़ू लेकर नजर आ रही हैबेचारी शांति की सास को जैसे लकवा मार गयाहाय राम न जाने बहु के पीछे कोई भूत प्रेत न लग गया होखैर दिन भर शांति ने झाड़ू अभियान के साथसाथ तस्वीर अभियान भी शुरू कियाशाम को पति देव घर आये तो सास और पति के साथ विजयी तस्वीर ली गयी और अन्तत उसे विजेता घोषित करते हुएअपने फेसबुकी घर की वाल पर टांग दिया गया .. हजारो लाइकऔर अनंत टिप्पणीबधाई सन्देशका असर ऐसा हुआ कि लोगों ने शांति की सास को घर पर जाकर कुशल समझदार बहु मिलने का सौभाग्य प्राप्त हुआकहकर सम्मानित कियाफिर तो जाओ हो आभाषी संसार की इतनी अच्छी पाठशाला और कहीं नहीं हो सकती है..
             जगमगाते रिश्तेबिगडती बातेंकहीं बम के हथगोलेकहीं चमकती रंगीनियाँऐसी शानदार दीपावली दुनिया की एक ही छत की नीचे होती हैसफाई अभियान प्रारंभ है तो मित्रो का अभियान कैसे पीछे रह सकता हैदोस्तों को अमित्र करने का अभियान भी प्रारंभ हो चुका थाअनेक शब्द बम और फुलझड़ियों द्वारा मित्रों को अमित्र करने की प्यारी प्यारी चकरीऔर रोकेट छोड़े जा चुके थेनयी नयी लस्सी और मिठाई का रोज रोज आनंद लेने का  चस्का लोगों को ऐसा लगा कि जब तक पटाखे न छोड़े तब तक दीपावली कैसीअजी यहाँ महिला मित्र हो या पुरुष मित्रमनुहार की ऐसी बंदूके व मिठाई के अनार फूटते ही रहते हैंखैर यह तो है दिवाली का सफाई अभियान जो घर घर से लेकर फेसबुक तक कायम है,
            एक प्रश्न दिमाग में बिगड़े बल्ब की तरह बार बार बंद चालू हो रहा हैबम दिमाग में जैसे फटने को उतावले हो रहे थेक्या कभी किसी ने सोचा कि हम धरती के साथ साथ अम्बर में भी कितना कचरा जमा कर रहें हैआज धरती कचरे के बोझ तले मर रही हैनए नए गृह की खोज करने में नित्य मानव स्पेस में कचरा फेंकता हैचाहे यह अंतरजालफेसबुक हो या  ट्विटरआखिर इसका कचरा सेटेलाइट में इतना ज्यादा जमा हो रहा हैउसे कैसे साफ़ करेंगे ?ध्वनि प्रदुषणवायु प्रदुषण., खाद्य प्रदुषण.......वगैरह न जाने दुनिया में न जाने प्रदूषित कचरे के अनगिनत  ढेर लग चुके हैयह कचरा कौन सी ओज वाणी साफ़ करेगीयहाँ दीपावली कब मनाएंगेइस धरती को कब सजायेंगे. ----- यह फिरकी तेजी से हर जगह घर के दिमाग घूमे और अपना असर दिखाएजय हिन्द.      
                      ----------शशि पुरवार .


--

समीक्षा -- है न -

  शशि पुरवार  Shashipurwar@gmail.com समीक्षा है न - मुकेश कुमार सिन्हा  है ना “ मुकेश कुमार सिन्हा का काव्य संग्रह  जिसमें प्रेम के विविध रं...

https://sapne-shashi.blogspot.com/

linkwith

http://sapne-shashi.blogspot.com